यह ख़बर 07 दिसंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

राजस्थान में किसकी बनेगी सरकार? ऐतिहासिक मतदान से पार्टियां पसोपेश में

जयपुर:

राजस्थान में 14वीं विधानसभा के गठन के लिए 200 में से 199 सीटों के लिए 1 दिसम्बर को हुए ऐतिहासिक 75.20 फीसदी मतदान से प्रदेश की सत्ताधारी कांग्रेस और प्रमुख विपक्षी दल भाजपा चुनाव नतीजे को लेकर पसोपेश में हैं। हालांकि दोनों दल अपनी सरकार बनाने के दावे कर रहे हैं।

अत्यधिक मतदान प्रतिशत को ध्यान में रखते हुए चुनाव नतीजे की संभावना पर कांग्रेस और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने अपने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर कहा कि ऊंट किस करवट बैठेगा, यह 8 दिसम्बर को सामने आ जाएगा। लेकिन यह सही है कि ऐतिहासिक मतदान से नतीजे को लेकर हम पसोपेश में हैं।

सरकार बनाने के दावों से पर्दा 8 दिसम्बर को मतगणना शुरू होने पर उठेगा। प्रदेश के 33 जिला मुख्यालयों पर मतगणना प्रात आठ बजे से कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच शुरू होगी। चुनाव के नतीजे मध्याह्न तक मिल जाने की उम्मीद है। प्रदेश की चूरू विधानसभा सीट के लिए 13 दिसम्बर को मतदान होगा।

प्रदेश के चार करोड़, पांच लाख, 33 हजार 566 मतदाताओं में से तीन करोड़, 48 लाख, 193 मतदाताओं ने 1 दिसम्बर को रिकार्डतोड़ मतदान किया था। महिलाओं ने 75.51 फीसदी मतदान कर पुरुष मतदाताओं को (74.91 फीसदी) पीछे छोड़ दिया। मतगणना में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद की प्रत्याशी वसुंधरा राजे, विपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ चंद्रभान तथा अशोक गहलोत मंत्रिमंडल के 25 सदस्यों के राजनीतिक भाग्य का फैसला होगा।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com