यह ख़बर 09 फ़रवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

इस बार हवा कांग्रेस के पक्ष में : प्रियंका

खास बातें

  • अमेठी और रायबरेली के तहत आने वाली विधानसभा सीटों पर प्रचार के दूसरे दौर में प्रियंका ने इस बार अपने दोनों बच्चों रेहान और मायरा को भी साथ रखा।
अमेठी:

कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने भाई राहुल और मां सोनिया के संसदीय क्षेत्रों - अमेठी और रायबरेली - में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान को बृहस्पतिवार को फिर आगे बढ़ाते हुए दावा किया कि प्रदेश में इस बार हवा कांग्रेस के पक्ष में है।

अमेठी और रायबरेली के तहत आने वाली विधानसभा सीटों पर प्रचार के दूसरे दौर में प्रियंका ने इस बार अपने दोनों बच्चों रेहान और मायरा को भी साथ रखा, और सबसे पहले सलोन विधानसभा क्षेत्र के करैइया बाजार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "उत्तर प्रदेश में बदलाव लाने के लिए राहुल जी पूरे राज्य में दौरा कर रहे हैं, इस बार हवा कांग्रेस के पक्ष में है।"

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने कहा कि बीते 22 साल के दौरान सत्ता में रहीं गैर-कांग्रेसी सरकारों ने प्रदेश का कोई विकास नहीं किया। उनका कहना था कि जहां सपा सरकार में गुण्डाराज कायम हो गया था, वहीं बसपा राज में विकास का पैसा कुछ लोगों की जेब में चला गया। प्रियंका ने कहा कि जात-पांत के आधार पर सत्ता हासिल करने वाले दलों ने प्रदेश और इसके लोगों के हितों की भी चिंता नहीं की, और केंद्रीय योजनाओं का पैसा आम जनता तक नहीं पहुंचा और उसे सत्ता में रहे लोगों ने बीच में ही लूट लिया। मंच से उतरते समय उन्होंने वहां मौजूद महिलाओं से बातचीत की और उनका हालचाल भी पूछा।