यह ख़बर 03 मार्च, 2012 को प्रकाशित हुई थी

एक्जि़ट पोल : उप्र में त्रिशंकु विधानसभा, सपा सबसे बड़ी पार्टी

खास बातें

  • अंतिम चरण का मतदान सम्पन्न होने के बाद किए गए सर्वेक्षणों ने उत्तर प्रदेश में त्रिशंकु विधानसभा के संकेत दिए तथा सपा को सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने की भविष्यवाणी की।
नई दिल्ली:

अंतिम चरण का मतदान सम्पन्न होने के बाद किए गए सर्वेक्षणों ने शनिवार को उत्तर प्रदेश में त्रिशंकु विधानसभा के संकेत दिए तथा समाजवादी पार्टी (सपा) को सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने की भविष्यवाणी की। मतगणना मंगलवार को होगी।

स्टार न्यूज-नीलसन के सर्वेक्षण में भविष्यवाणी की गई है कि उत्तर प्रदेश में त्रिशंकु विधानसभा होगी। मुलायम सिंह यादव की सपा 26 फीसदी मत साझेदारी के साथ विधानसभा की 403 सीटों में से 160 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरेगी।

सत्तारूढ़ बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को 24 फीसदी मत साझेदारी के साथ 86 सीटें मिलेंगी। संकेत दिया गया है कि पार्टी प्रमुख मायावती के लिए यह मोहभंग की स्थिति होगी।

स्टार न्यूज-नीलसन के सर्वेक्षण के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 18 फीसदी मत साझेदारी के साथ 80 सीटें जीतकर राज्य में तीसरी बड़ी पार्टी के रूप में उभरेगी।

सर्वेक्षण में कांग्रेस को 58 और उसके सहयोगी दल राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) को 12 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।

उधर, इंडिया टीवी-सी वोटर के मत सर्वेक्षण में जहां सपा को 141 सीटें दी गई हैं, वहीं न्यूज 24-चाणक्य ने इस पार्टी को सबसे अधिक 185 सीटें दी हैं।

इंडिया टीवी के सर्वेक्षण में कहा गया है कि सत्तारूढ़ बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को 126 सीटें मिलेंगी। पांच साल पूर्व यह पार्टी 206 सीटें जीतकर सत्ता में आई थी।

न्यूज 24 के सर्वेक्षण में मुख्यमंत्री मायावती की पार्टी बसपा को केवल 85 सीटें दी गई हैं।

इंडिया टीवी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 83 सीटें, जबकि न्यूज 24 ने इस पार्टी को केवल 55 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है।

इंडिया टीवी के मुताबिक कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में 31 सीटें मिलने की संभावना है, जबकि न्यूज 24 ने इस पार्टी को 55 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उल्लेखनीय है कि 2007 के विधानसभा चुनाव में सपा को 97, भाजपा को 51 और कांग्रेस को 22 सीटें मिली थीं।