यह ख़बर 12 मार्च, 2012 को प्रकाशित हुई थी

विजय बहुगुणा होंगे उत्तराखंड के अगले मुख्यमंत्री

खास बातें

  • कांग्रेस आलाकमान ने स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा के पुत्र और कांग्रेस सांसद विजय बहुगुणा को उत्तराखंड का अगला मुख्यमंत्री बनाए जाने की घोषणा की।
नई दिल्ली:

कांग्रेस आलाकमान ने स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा के पुत्र और कांग्रेस सांसद विजय बहुगुणा को उत्तराखंड का अगला मुख्यमंत्री बनाए जाने की घोषणा की और इसके साथ ही राज्य में अगले मुख्यमंत्री को लेकर पिछले कुछ दिनों से बना हुआ संशय खत्म हो गया।

कांग्रेस महासचिव गुलाम नबी आजाद ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास दस जनपथ के बाहर संवाददाताओं से कहा कि उत्तराखंड के नवनिर्वाचित विधायकों द्वारा पार्टी अध्यक्ष को उनका नेता चुनने के लिए अधिकृत करने के बाद सोनिया गांधी ने पार्टी के सांसदों और विधायकों की राय ली और फिर विजय बहुगुणा को नेता बनाने का फैसला किया।

आजाद ने 65 वर्षीय बहुगुणा और पार्टी में उत्तराखंड मामलों के प्रभारी महासचिव बिरेन्दर सिंह की मौजूदगी में कहा कि विजय बहुगुणा उत्तराखंड विधायक दल के नेता और राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे।

इलाहाबाद और बंबई उच्च न्यायालयों में न्यायाधीश रहे विजय बहुगुणा कांग्रेस की उत्तराखंड इकाई के उपाध्यक्ष हैं और वह टिहरी गढ़वाल से दूसरी बार सांसद हैं।

विजय बहुगुणा देश के एक प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता स्वर्गीय हेमवंती नंदन बहुगुणा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे जबकि उनकी बहन रीता बहुगुणा जोशी फिलहाल उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

विजय बहुगुणा ने कहा कि वह पार्टी के सभी लोगों को साथ लेकर चलेंगे और पार्टी में कोई फूट नहीं पैदा होगी।