दिल्ली चुनाव : योगेंद्र यादव का दावा, आप 40 सीटें जीतेगी

आप नेता योगेंद्र यादव की फाइल तस्वीर

नई दिल्ली:

चुनाव विश्लेषक के रूप में पहचान बना चुके योगेंद्र यादव आम आदमी पार्टी (आप) के नेता हैं। उन्होंने गुरुवार को कहा कि उनकी पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव में लगभग 40 सीटें जीतेगी और हो सकता है कि यह 50 का आंकड़ा भी पार कर जाए।

एक समाचार चैनल को दिए साक्षात्कार में योगेंद्र यादव ने कहा कि आप अति आत्मविश्वास का शिकार नहीं है, लेकिन पार्टी इस बात को लेकर आश्वस्त है कि राष्ट्रीय राजधानी में आप के समर्थन में जो हवा बनी है, उसका असर शनिवार को होने वाले मतदान में स्पष्ट दिखेगा।

उन्होंने कहा, "मुझे इस बात पर कोई आश्चर्य नहीं होगा, अगर आप 50 सीटें जीत ले। हम पक्का तौर पर लगभग 40 सीटों पर जीत दर्ज करने जा रहे हैं। यदि पार्टी के पक्ष में हवा यूं ही बनी रही, तो मुझे आश्चर्य नहीं होगा अगर वह 50 या उससे अधिक सीटों पर जीत दर्ज करे।"

उल्लेखनीय है कि दिल्ली में पिछले विधानसभा चुनाव में आप तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्य पार्टी के रूप में उभरी थी, जबकि कांग्रेस को बुरी तरह मुंह की खानी पड़ी थी।

यादव ने कहा, "आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुकाबले के लिए किरण बेदी को मुख्यमंत्री उम्मीदवार बनाने के भाजपा के फैसले का उस पर उलटा असर हुआ है।"

उन्होंने कहा, "किरण बेदी ने वास्तव में भाजपा के गिरते जनाधार को और गिरा दिया है।"

आप नेता ने कहा कि अब बहुत देर हो चुकी है और राष्ट्रीय राजधानी की जनता ने अपने मन में जो बिठा लिया है, उसे पलटना भाजपा के बूते की बात नहीं है।

यादव ने इस बात को स्वीकार किया कि फरवरी 2014 में केजरीवाल द्वारा 49 दिनों में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने तथा लोकसभा चुनाव के तुरंत बाद पार्टी की स्थिति लड़खड़ाई थी।

उन्होंने कहा कि जो लोग आप से नाराज थे, उन्होंने बीते चार से छह सप्ताह के दौरान मंथन-विश्लेषण किया, अपना मन बदला। दिल्ली के लोग भ्रष्टाचार से मुक्ति और आसानी से बिजली-पानी पाने के लिए केजरीवाल को एक और मौका देने का मन बना चुके हैं।

यादव ने हालांकि इस बात को स्वीकार किया कि वह चुनाव के दिन भाजपा के 'पोलिंग बूथ ट्रिक' को लेकर चिंतित हैं।

उन्होंने कहा, "वे (भाजपा) इस बारे में हमसे बेहतर जानते हैं, तिकड़म में माहिर हैं।"

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस विधानसभा चुनाव में पिछली बार जीती आठ सीटें भी हार जाएगी।