असम चुनाव : दूसरे चरण में 125 करोड़पति उम्मीदवार

असम चुनाव : दूसरे चरण में 125 करोड़पति उम्मीदवार

प्रतीकात्मक फोटो

नई दिल्ली:

असम विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में कुल 125 करोड़पति उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें सबसे ज्यादा अमीर उम्मीदवार ऑल इंडिया युनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के संस्थापक बदरुद्दीन अजमल है, जिनकी संपत्ति 54 करोड़ रुपए है। गैरसरकारी संस्था एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफार्म (एडीआर) ने बुधवार को बताया कि असम की 61 सीटों पर कुल 523 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें से 24 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं।

इस सूची में दूसरे सबसे अमीर उम्मीदवार इतेश बोरदोलोई हैं, जो बोनगाईगांव से स्वतंत्र रूप से लड़ रहे हैं। उनकी संपत्ति कुल 50 करोड़ रुपए है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नारायण डेका जो बरखेत्री से चुनाव लड़ रहे हैं, तीसरे सबसे अमीर उम्मीदवार हैं और उनकी संपत्ति 17.23 करोड़ रुपए है। एडीआर ने बताया कि 523 उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 1.26 करोड़ रुपए है। कांग्रेस सबसे अधिक अमीर पार्टी है और उसके 57 उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 2.64 करोड़ रुपए है। उसके बाद भाजपा का स्थान है, जिसके 35 उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 2.44 करोड़ रुपए है, जबकि असम गण परिषद के 19 उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 1.37 करोड़ रुपए है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (मार्क्‍सवादी) के कुल 11 उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 26.43 लाख रुपए है। मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नौ उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 82.64 लाख रुपए है और भाकपा से पांच उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 10.88 लाख रुपए है। एडीआर ने यह भी बताया कि 523 उम्मीदवारों में से 192 ने अभी तक अपने आयकर विवरण की घोषणा नहीं की है, जबकि 10 उम्मीदवारों ने सालाना 50 लाख रुपए से ज्यादा आयकर जमा किया है।