यूपी विधानसभा चुनाव : रायबरेली में आज प्रियंका गांधी की पहली चुनावी रैली

यूपी विधानसभा चुनाव : रायबरेली में आज प्रियंका गांधी की पहली चुनावी रैली

प्रियंका गांधी शुक्रवार को रायबरेली क्षेत्र में चुनाव प्रचार सभा को संबोधित करेंगी.

नई दिल्ली:

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में तीसरे चरण का मतदान 19 फरवरी को है. गुरुवार को संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार पर विराम लग गया. राजनीतिक दलों और उनके नेताओं ने अपना ध्यान अब अगले चरण के चुनाव पर केंद्रित कर लिया है. 17 फरवरी को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में राजनीतिक दलों की रैलियां आयोजित की जाएंगी. कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी और राहुल गांधी जहां प्रचार करेंगे वहीं बीजेपी की ओर से पार्टी अध्यक्ष अमित शाह प्रचार का मैदान संभालेंगे. इस चुनाव में प्रियंका गांधी की पहली प्रचार सभा रायबरेली में होगी. सपा के लिए अखिलेश यादव बाराबंकी और लखनऊ में प्रचार करेंगे.

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह 17 फरवरी को दोपहर 12 बजे इटवा के सिद्धार्थ नगर के शिवकुमार जायसवाल मैदान में रैली को संबोधित करेंगे. सिद्धार्थ नगर के ही  विकास इंटर कॉलेज मैदान, खेसरहा में वे दोपहर एक बजे सभा में शिरकत करेंगे. महादेवा, बस्ती में दोपहर 2 बजे और खलीलाबाद, संत कबीर नगर में दोपहर 3 बजे उनकी सभाएं होंगी.

कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी रायबरेली में कल चुनाव प्रचार करेंगी. वे अपने भाई और कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी के साथ चुनावी रैली में हिस्सा लेंगी. रायबरेली में 17 फरवरी को राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी का चुनावी कार्यक्रम है. राहुल गांधी दोपहर तीन बजे रायबरेली के इंटर कॉलेज ग्राउंड में कार्यक्रम में शामिल होंगे. उनका यहां दूसरा कार्यक्रम महराजगंज में बाबुरिया ग्राउंड पर होगा. मौजूदा यूपी विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी की यह पहली चुनावी सभा होगी. रायबरेली लोकसभा क्षेत्र में चौथे चरण में मतदान है. इसके अलावा राहुल गांधी फतेहपुर जिले के हाथगांव में करबला मैदान पर दोपहर डेढ़ बजे जनसभा को संबोधित करेंगे.

उधर समाजवादी पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री अखिलेश यादव प्रचार कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. अखिलेश यादव बाराबंकी में सुबह 11:15 बजे कुर्सी में,  12.15 बजे रामनगर, एक बजे बाराबंकी, 1:45 बजे दरियाबाद, 2:30 बजे हैदरगढ़ और 3:15 बजे लखनऊ के मोहनलालगंज में चुनाव प्रचार करेंगे.


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com