दिल्ली : यमुना में डूबकर दो युवकों की मौत

अवैध रेत खनन करने से यमुना जगह-जगह गहरी होने के कारण हादसे बढ़ रहे, सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं

दिल्ली : यमुना में डूबकर दो युवकों की मौत

प्रतीकात्मक फोटो.

नई दिल्ली:

यमुना में नहाने गए तीन दोस्तों में से दो की दर्दनाक मौत हो गई. मरने वाले दोनों युवक बुराड़ी के संत नगर के रहने वाले हैं. वे दोपहर में नहाने के लिए यमुना में गए थे. अचानक गहराई में पहुंचने के कारण उनकी मौत हुई.

अवैध रेत खनन करने से यमुना जगह-जगह गहरी हो गई है. इसी के चलते हादसे बढ़ रहे हैं. यमुना किनारे सुरक्षा इंतजाम न होने से भी हादसे हो रहे हैं.

यमुना में तीन लड़के नहाने के लिए गए थे जिनमें से दो यमुना में डूब गए. मामला दिल्ली के बुराड़ी जगतपुर घाट का है. यहां तीन दोस्त जिनके नाम वरुण, प्रतीक और मनोज हैं, यमुना में नहाने के लिए गए. नहाते वक्त दो युवक अचानक यमुना की गहराई में समाने लगे और वापस नहीं आ पाए.

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बुराड़ी और जगतपुर में बड़े पैमाने पर यमुना में रेत खनन किया जाता है जिसके चलते यमुना जगह-जगह से गहरी हो चुकी है और नहाने गए युवकों को उसकी गहराई का पता नहीं चलता. यही वजह है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार यमुना में हादसों में बढ़ोतरी होती जा रही है. साथ ही यमुना के किनारे सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं ताकि नहाने जा रहे युवकों को यमुना में जाने से रोका जा सके.

मृतक 21 साल का मनोज बुराड़ी के संत नगर का रहने वाला था और देहरादून में चिकित्सा शिक्षा के लिए तैयारी कर रहा था.  दो दिन बाद वह अपने कॉलेज जाने वाला था लेकिन उससे पहले अपने दो दोस्तों के साथ यमुना में नहाने गया और घर लौट कर नहीं आया. इसके साथ मनोज का दोस्त वरुण भी इस हादसे का शिकार हुआ.  दोनों की यमुना में डूबने से मौत हो गई.


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com