नौ दिन बाद मुंबई में 'बेस्ट' की हड़ताल खत्म, लोगों को मिली राहत

अंतरिम राहत के तौर पर वेतन में ‘10 चरण’ की वृद्धि की मांग स्वीकार कर ली गई, बेस्ट बस के कर्मचारियों ने हड़ताल वापस ली

मुंबई:

बेस्ट के लगभग 32 हजार कर्मचारियों ने नौ दिन पुरानी हड़ताल बुधवार को वापस ले ली जिससे मुम्बई के लाखों यात्रियों को राहत मिली है.

बेस्ट कर्मचारी संघ के नेता शशांक राव ने बताया कि बेस्ट की बसें सड़कों पर तत्काल प्रभाव से फिर चलना शुरू हो जाएंगी. बेस्ट कर्मचारी संघ के बुधवार को हड़ताल वापस लेने पर सहमत होने के बाद राव ने यह घोषणा की. परिवहन उपक्रम के प्रबंधन द्वारा अंतरिम राहत के तौर पर उनकी वेतन में ‘10 चरण' की वृद्धि की मांग को स्वीकार कर लिया गया.

बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (बेस्ट) के कर्मचारी, उसका प्रबंधन और अन्य संबंधित पक्ष अपने विवाद को सुलझाने के लिए अब मध्यस्थता का रास्ता अपनाएंगे. विभिन्न मांगों को लेकर आठ जनवरी से बेस्ट के कर्मचारी हड़ताल पर थे. उनकी मांगों में वेतन वृद्धि, कनिष्ठ स्तर के कर्मचारियों के लिए वेतन मान में सुधार और नुकसान में चल रही बेस्ट के बजट का बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के बजट के साथ विलय शामिल हैं.

दिल्ली में प्रदूषण से लोग हैं परेशान, बेस्ट ने मुंबई में निकाला समाधान, उठाया यह कदम

राज्य द्वारा गठित उच्चाधिकार प्राप्त समिति ने इस सप्ताह की शुरूआत में सिफारिश की थी कि अंतरिम राहत के तौर पर समयबद्ध तरीके से बेस्ट कर्मचारियों के लिए वेतन में ‘10 चरण की वृद्धि' दी जाए. राज्य सरकार ने पिछले सप्ताह हड़ताली कर्मचारियों के खिलाफ महाराष्ट्र आवश्यक सेवा रखरखाव अधिनियम (एमईएसएमए) लगा दिया था लेकिन कोई कड़ी कार्रवाई नहीं की थी.

VIDEO : हाईकोर्ट के आदेश के बाद आंदोलन खत्म

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

बेस्ट के बेड़े में 3,200 से अधिक बसें हैं जो महानगर और पड़ोसी ठाणे जिले तथा नवी मुंबई में चलती हैं. मुंबई में लोकल ट्रेनों के बाद यह यातायात का दूसरा सबसे बड़ा साधन है. बेस्ट की बसों में हर दिन 80 लाख से अधिक यात्री सफर करते हैं.
(इनपुट भाषा से)