अर्जुन तेंदुलकर पर रहेगा पिता के नाम का दबाव : जहीर खान

अर्जुन तेंदुलकर पर रहेगा पिता के नाम का दबाव : जहीर खान

सचिन तेंदुलकर और अर्जुन तेंदुलकर (फाइल फोटो)

मुंबई:

भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान का मानना है कि पिता के नाम का दबाव अर्जुन तेंदुलकर पर रहेगा। गुरुवार को ही बड़ौदा के खिलाफ विजय मर्चेंट ट्रॉफी में मुंबई अंडर-16 टीम के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय टीम में अर्जुन का चयन हुआ है। अर्जुन ने अंडर-16 पय्यादे ट्रॉफी में कमाल का प्रदर्शन कर यह मुकाम हासिल किया।

मैदान में क्या करते हैं यह महत्वपूर्ण
अर्जुन तेंदुलकर के प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर ज़हीर ने कहा, "वो कड़ी मेहनत कर रहे हैं, गेंद और बल्ले दोनों से उनका प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। मैंने सुना है कि उन्होंने अपना पहला शतक इसी ही हफ्ते जड़ा है। उन पर दबाव रहेगा, लेकिन वो मैदान में क्या कर पाते हैं, सबसे अहम यही है।'

अंडर-16 टीम और आगे की राह के बारे में पूछे जाने पर ज़हीर ने कहा, "अगर कोई खिलाड़ी अच्छा है और बढ़िया प्रदर्शन कर रहा है, तो मेरी राय में इस प्लेटफॉर्म के जरिये उसे परखना चाहिए और युवा खिलाड़ियों को चाहिए कि वो इस मंच का इस्तेमाल लोगों की नज़रों में आने के लिए करें।"

किया ऑलराउंड प्रदर्शन
अर्जुन तेंदुलकर मुंबई की अंडर-14 टीम का हिस्सा भी रहे हैं। अंडर-16 पय्यादे ट्रॉफी में सुनील गावस्कर इलेवन की ओर से खेलते हुए पहली पारी में 16 चौके, 2 छक्कों की मदद से उन्होंने 106 रन बनाए, फिर गेंदबाजी में 73 रन खर्च कर 4 विकेट झटके। दूसरी पारी में भी अर्जुन ने अपनी टीम के लिए 40 रनों का योगदान दिया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

इस साल सिलेक्शन ट्रॉयल्स के साथ मुंबई की कांगा लीग में भी अर्जुन ने अच्छा प्रदर्शन किया है। इसी वजह से 1-3 दिसंबर तक बड़ौदा में होने वाली विजय मर्चेंट ट्रॉफी के लिए अर्जुन का चयन हुआ है।