ग्यारह छक्कों की मदद से क्रिस गेल ने लगाया शतक,जमैका तलावाह की शानदार जीत

ग्यारह छक्कों की मदद से क्रिस गेल ने लगाया शतक,जमैका तलावाह  की शानदार जीत

क्रिस गेल (फाइल फोटो)

नई दिल्ली:

आज क्वींस पार्क ओवल में एक शानदार मैच देखने को मिला। कैरेबियन प्रीमियर लीग के इस मैच में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए क्रिस गेल ने जमैका तलावाह को जीत दिलवाई। त्रिबंगो नाइट राइडर्स और जमैका तलावाह के बीच हुए इस मैच में  क्रिस गेल ने अपने दम पर जमैका तलावाह को सात  विकेट से जिताया। क्रिस गेल ने सिर्फ 54 गेंदों में 108 रन बनाए, उन्होंने 11 शानदार छक्के और छह चौके भी लगाए।

इस मैच में कप्तान गेल ने टॉस जीता और पहले गेंदबाज़ी करने का निर्णय लिया।  पहले बल्लेबाजी करते हुए  त्रिबंगो नाइट राइडर्स ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट खोकर 191 रन बनाए। त्रिंबंगो की तरफ से हाशिम अमला ने 54 गेंदों में 74 रन बनाए जबकि कोलिन मुनरो ने 39 गेंदों में 55 रनों की पारी खेली।

जमैका तलावाह ने 192 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए संभल कर खेलने की कोशिश की। पॉवरप्ले के छह ओवर के बाद जमैका तलावाह का स्कोर एक विकेट पर सिर्फ 33 रन था और गेल 17 गेंदों में सिर्फ 17 रन बना पाए थे। जमैका तलावाह ने दो विकेट पर सिर्फ 71 रन बनाए थे और गेल 25 गेंदों  में 30 रन बनाकर पिच पर मौजूद थे। लेकिन 10 ओवरों के बाद गेल की असली बल्लेबाजी शुरू हुई। ग्यारहवें ओवर में गेल ने दो छक्के और एक चौका लगाया। अगले ओवर में भी गेल ने दो छक्के और एक चौका मार दिया। तेरहवें ओवर में गेल ने लगातार तीन छक्के लगाए और 13 ओवरों के बाद स्कोर 142 पर पहुंच गया यानि इन तीन ओवरों में 71 रन आए और जिनमें से 59 रन गेल ने 13 गेंदों का सामना करते हुए बनाए। क्रिस गेल ने 108 रन बनाकर नाबाद रहे।

किस्मत ने भी क्रिस गेल का साथ दिया। वे अपनी पारी में तीन बार आउट होते-होते बचे। गेल जब पांच रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे तब फील्डर ने उनका कैच छोड़ दिया। हालांकि यह काफी मुश्किल कैच था। विकेटकीपर  उमर अकमल भी एक बार क्रिस गेल का स्टंपिंग करने से चूक गए।  क्रिस गेल जब 94 पर बल्लेबाजी कर रहे थे तब छक्के लगाने की कोशिश में आउट हो गए लेकिन यह नो बॉल था और गेल वापस बल्लेबाजी करने के लिए आए और छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com