यह ख़बर 16 सितंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

चैम्पियंस लीग : मुंबई हुई बाहर, मुख्य दौर में पहुंची नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट और लाहौर लायंस

रायपुर:

पूर्व चैम्पियन मुंबई इंडियंस टीम चैम्पियंस लीग टी-20 टूर्नामेंट-2014 के मुख्य दौर में नहीं पहुंच पाई। उसे मंगलवार को अपने तीसरे क्वालीफाइंग मुकाबले में न्यूजीलैंड की नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट टीम ने हराया। मुंबई की हार ने पाकिस्तान की लाहौर लायंस टीम को अगले दौर में पहुंचा दिया।

शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेले गए दिन के पहले और प्रतियोगिता के पांचवें क्वालीफाइंग मैच में लायंस ने श्रीलंका की साउदर्न एक्सप्रेस टीम को 55 रनों से हराया। इसके बाद इसी मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट टीम ने मुंबई को छह विकेट से मात दी।

नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट टीम क्वालीफाइंग में अजेय रही। उसने लायंस, मुंबई और एक्सप्रेस को हराया। दूसरी ओर, लायंस टीम आठ अंकों के साथ मुख्य दौर में पहुंचने में सफल रही। उसने अपने पहले मैच में मुंबई को हराया था, लेकिन इसके बाद उसे नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट से हार मिली थी। मुंबई ने एक्सप्रेस के खिलाफ एकमात्र जीत हासिल की थी।

मुंबई के सामने नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट को हराने की चुनौती थी। नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और मुंबई को 20 ओवरों में नौ विकेट पर 132 रनों पर सीमित कर दिया। मुंबई को आगे बढ़ने के लिए नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट को 49 रनों से कम स्कोर पर आउट करना था लेकिन नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट को यह मंजूर नहीं था।

नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट टीम ने जीत के लिए जरूरी 133 रन 17.2 ओवरों में चार विकेट खोकर हासिल कर लिए। केन विलियमसन ने 53 और एंटन डेवकिक ने 39 रनों की पारी खेली। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 9.4 ओवरों में 83 रन बनाकर मुंबई को हथियार डालने पर मजबूर किया।

विलियमसन ने अपनी 36 गेंदों की पार में सात चौके और एक छक्का लगाया। मुंबई की टीम की ओर से जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट लिए।

मुंबई के बल्लेबाजों में कप्तान कीरन पोलार्ड (31) सबसे सफल रहे। इसके अलावा लसिथ मलिंगा ने 20 और एस गोपाल ने 24 रन बनाए। नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट की ओर से स्टायरिश और टिम साउदी ने तीन-तीन विकेट लिए।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

अब नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट और लायंस टीमें मुख्य दौर में पहले से शामिल आठ टीमों के साथ यह प्रतिष्ठित खिताब जीतने का अभियान शुरू करेंगी। मुख्य दौर की शुरुआत 17 सितंबर से हो रही है। यह टूर्नामेंट 4 अक्टूबर तक खेला जाएगा।