यह ख़बर 20 जून, 2012 को प्रकाशित हुई थी

जोकोविक और सचिन से ज्यादा रईस हैं धोनी

खास बातें

  • धोनी की कुल कमाई दो करोड़ 65 लाख डॉलर है, जिसमें से वह दो करोड़ 30 लाख डॉलर विज्ञापनों से कमाते हैं। तेंदुलकर की कमाई एक करोड़ 86 लाख डॉलर आंकी गई है।
लंदन:

भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 'फोर्ब्स' पत्रिका की दुनिया के 100 धनी खिलाड़ियों की सूची में धावक यूसेन बोल्ट, टेनिस स्टार नोवाक जोकोविक और साथी खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है।

'फोर्ब्स' की सूची के अनुसार धोनी दुनिया के सबसे धनी खिलाड़ियों की सूची में 31वें स्थान पर हैं। वह जोकोविक (62वें), बोल्ट (62वें) और तेंदुलकर (78वें) से काफी आगे हैं। स्टार फुटबॉलर वायने रूनी और फर्नांडो टोरेस भी इस सूची में धोनी से पीछे हैं।

मुक्केबाजी चैंपियन फ्लायड मेवेदर आठ करोड़ 50 लाख डॉलर की कमाई के साथ शीर्ष पर हैं। उनके बाद मुक्केबाज मैनी पाक्वियो (6.2 करोड़ डॉलर) और दिग्गज गोल्फर टाइगर वुड्स (5.94 करोड़ डॉलर) का नंबर आता है। धोनी की कुल कमाई दो करोड़ 65 लाख डॉलर है, जिसमें से वह दो करोड़ 30 लाख डॉलर विज्ञापनों से कमाते हैं। तेंदुलकर की कमाई एक करोड़ 86 लाख डॉलर आंकी गई है, जिसमें से उन्हें एक करोड़ 65 लाख डॉलर विज्ञापनों से मिलते हैं।

दिलचस्प तथ्य यह है कि भारतीय कप्तान की विज्ञापनों से कमाई दुनिया के सबसे लोकप्रिय फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी से अधिक है। मेस्सी हालांकि कुल 3.9 करोड़ डॉलर की कमाई के साथ सूची में 11वें स्थान पर हैं, लेकिन विज्ञापनों से उनकी कमाई केवल एक करोड़ 90 लाख डॉलर ही है, जो धोनी से 40 लाख डॉलर कम है। महिला खिलाड़ियों में मारिया शारापोवा सबसे अधिक धनी हैं। उनकी कमाई दो करोड़ 79 लाख डॉलर है और वह सूची में 26वें स्थान पर हैं। इस सूची में रोजर फेडरर पांचवें, डेविड बैकहम आठवें और क्रिस्टियानो रोनाल्डो नौवें स्थान पर हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

कमाई के लिहाज से दुनिया के चोटी के 10 खिलाड़ी इस प्रकार हैं- 1. फ्लायड मेवेदर (मुक्केबाजी- 8.5 करोड़ डॉलर). 2. मैनी पाक्वियो (मुक्केबाजी- 6.2 करोड़ डॉलर) 3. टाइगर वुड्स (गोल्फ- 5.94 करोड़ डॉलर) 4. लेब्रोन जेम्स (बास्केटबाल- 5.3 करोड़ डॉलर). 5. रोजर फेडरर (टेनिस- 5.27 करोड़ डॉलर) 6. कोबे ब्रायंट (बास्केटबाल- 5.23 करोड़ डॉलर). 7. फिल मिकलसन (गोल्फ- 4.78 करोड़ डॉलर) 8. डेविड बेकहम (फुटबॉल- 4.6 करोड़ डॉलर). 9. क्रिस्टियानो रोनाल्डो (फुटबॉल- 4.25 करोड़ डॉलर). 10. पेटन मैनिंग (अमेरिकन फुटबॉल- 4.24 करोड़ डॉलर).