स्क्वाश खिलाड़ी दीपिका पल्लीकल से दो बार शादी करेंगे क्रिकेटर दिनेश कार्तिक

स्क्वाश खिलाड़ी दीपिका पल्लीकल से दो बार शादी करेंगे क्रिकेटर दिनेश कार्तिक

नई दिल्ली:

क्रिकेट और स्क्वॉश का मिलन होने जा रहा है। अगले महीने भारतीय क्रिकेटर दिनेश कार्तिक स्क्वॉश खिलाड़ी दीपिका पल्लीकल के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। शादी दो दिन होगी। जी हां, चौंकिए नहीं। दीपिका ईसाई हैं। लिहाज़ा 18 अगस्त को ईसाई रीति रिवाज़ से शादी होगी। दो दिन बाद 20 अगस्त को हिन्दू तौर-तरीके से शादी संपन्न होगी। दोनों शादियां चेन्नई में होंगी। शादी के बाद दोनों वहीं घर बसाएंगे। दीपिका के पिता संजीव जॉर्ज ने शादी की तारीखों का खुलासा किया।

दीपिका केरल से हैं। उनके पिता संजीव जॉर्ज बास्केटबॉल और मां सुसन इट्टिचेरिया क्रिकेट खिलाड़ी रह चुकी हैं। दीपिका को अर्जुन पुरस्कार और पद्मश्री से नवाज़ा जा चुका है।

पहले दिन दीपिका सफ़ेद गाउन पहनेंगी तो हिन्दू रीति-रिवाज से शादी के दिन तेलगू शादी में पहने जाने वाली पीले रंग की परंपरागत साड़ी। दोनों के परिवार के सदस्य दोनों परंपराओं से हो रही शादी को लेकर बेहद उत्साहित हैं।

2013 में दोनों की सगाई हुई थी। शादी को निजी रखा जाएगा। इसमें परिवार के सदस्यों के अलावा नजदीकि दोस्तों को ही बुलाया जाएगा। शादी के वक्त टीम इंडिया श्रीलंका में टेस्ट सीरीज़ खेल रही होगी। इस कारण टीम के सदस्य शादी में शिरकत नहीं कर पाएंगे।

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के उनके कप्तान विराट कोहली श्रीलंका में कप्तानी कर रहे होंगे। वनडे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, सुरेश रैना और रविंद्र जडेजा जैसे खिलाड़ी शादी के लिए पहुंच सकते हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

दिनेश कार्तिक की ये दूसरी शादी है। 2007 में कार्तिक ने अपने बचपन की दोस्त नीकिता से शादी की थी, लेकिन मुरली विजय से नीकिता के कथित अफ़ेयर के कारण ये शादी टूट गई।