लिएम प्लंकेट ने लगाया आखिरी गेंद पर छक्का और इंग्लैंड vs श्रीलंका पहला वनडे हो गया टाई

लिएम प्लंकेट ने लगाया आखिरी गेंद पर छक्का और इंग्लैंड vs श्रीलंका पहला वनडे हो गया टाई

प्लंकेट ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाते हुए मैच को टाई करवा दिया...

नई दिल्ली:

इंग्लैंड के नाटिंघम मैदान पर श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच रोमांचक क्रिकेट मैच देखने को मिला। दोनों टीम के बीच खेला गया पहला वनडे टाई हो गया। आखिरी गेंद में इंग्लैंड को जीतने के लिए सात रन की जरूरत थी और इंग्लैंड की तरफ से लिएम प्लंकेट ने छक्का लगाकर मैच को टाई करवा दिया। टॉस जीतने के बाद इंग्लैंड ने श्रीलंका को बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया और श्रीलंका ने निर्धारित 50 ओवर में 286 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से कप्तान एंजेलो मैथ्यूज ने सर्वाधिक 73 रन बनाए और एस प्रसन्ना ने भी अपना अर्धशतक पूरा करते हुए 59 रन की पारी खेली।

इंग्लैंड की ख़राब शुरुआत
इंग्लैंड की शुरुआत बेहद ख़राब रही। इंग्लैंड ने 17 रन पर तीन विकेट गवां दिए थे। दोनों सलामी बल्लेबाज जैसन रॉय सिर्फ तीन रन और एलेक्स हल्स चार रन बनाकर आउट हो गए थे। जो रूट भी सिर्फ दो रन बनाकर पैवेलियन लौट गए थे। ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड की पूरी टीम 100 रन पर सिमट जाएगी। श्रीलंका की तरफ से कप्तान एंजेलो मैथ्यूज ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए रॉय और रूट को आउट कर दिया। इयोन मॉर्गन ने पारी को संभालने की भरपूर कोशिश की, लेकिन वह भी ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए और सिर्फ 43 बनाकर आउट हो गए।

इंग्लैंड के निचले क्रम की शानदार बल्लेबाजी
इंग्लैंड ने 82 रन पर छह विकेट गवां दिए थे, लेकिन निचले क्रम के बल्लेबाज़ों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए इस मैच को टाई करवा दिया। इंग्लैंड की तरफ से आठवें स्थान पर बल्लेबाजी करने आए क्रिस वॉक्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुये  92 गेंदों पर 95 रन बनाए। वॉक्स का यह वनडे में सर्वाधिक स्कोर है। इंग्लैंड की तरफ से जोस बटलर ने भी शानदार पारी खेलते हुए 93 रन बनाए। बटलर और वॉक्स के बीच सातवें विकेट के लिए 138 रन की शानदार साझेदारी हुई। वनडे के इतिहास में सातवें विकेट के लिए यह दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है।  

लिएम प्लंकेट के छक्के से मैच हुआ टाई
आखिर दो ओवर में इंग्लैंड को जीतने के लिए 30 रन की जरूरत थी और मैदान पर क्रिस वॉक्स और आलिएम प्लंकेट मौजूद थे। 49वें ओवर में केवल 16 रन आए और अब मैच जीतने के लिए आखिरी ओवर में 14 रन की जरूरत थी। स्ट्राइक पर तब वॉक्स थे। वॉक्स ने पहली गेंद पर दो रन लिए और फिर दूसरी गेंद पर एक रन लेते हुए प्लंकेट को स्ट्राइक दी। प्लंकेट ने तीसरी गेंद पर एक रन लेते हुए फिर वॉक्स को स्ट्राइक दी। चौथी गेंद में कोई रन नहीं आया। अब आखिरी दो गेंदों में जीतने के लिए दस रन की जरूरत थी। पांचवीं गेंद पर वॉक्स ने तीन रन लिए और प्लंकेट को स्ट्राइक दी। अब आखिरी गेंद पर जीतने के लिए सात रन की जरूरत थी और प्लंकेट ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाते हुए मैच को टाई करवा दिया।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com