श्रीलंकाई ज़मीन पर वनडे में फ़्लॉप, क्या टेस्ट में दिखाएंगे कमाल?

श्रीलंकाई ज़मीन पर वनडे में फ़्लॉप, क्या टेस्ट में दिखाएंगे कमाल?

विराट कोहली (फाइल फोटो)

नई दिल्ली:

टीम इंडिया अपने मिशन पर श्रीलंका पहुंच गई है। एमएस धोनी के संन्यास के बाद ये पहला दौरा होगा, जहां विराट कोहली पूरी सीरीज़ में कप्तानी करेंगे। ऐसे में उनकी कप्तानी के साथ-साथ उनके फ़ॉर्म पर सवाल उठना लाज़मी है।

श्रीलंकाई ज़मीन पर विराट अपना पहला टेस्ट खेलेंगे लेकिन वनडे में श्रीलंका के ख़िलाफ़ कोहली का प्रदर्शन अच्छा रहा है। अहम मौक़ों पर विराट ने मैच विनर की भूमिका निभाई है। विराट ने श्रीलंका के ख़िलाफ़ 40 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 88.00 की स्ट्राइक रेट से 1856 रन बनाए हैं। इसमें विराट ने 6 शतक और 10 अर्द्धशतक बनाए हैं।

अगर सिर्फ़ श्रीलंकाई ज़मीन पर विराट के प्रदर्शन की बात करें तो 18 मैच में 35.56 की औसत से 569 रन विराट के बल्ले से निकले हैं। इसमें 2 शतक और एक अर्द्धशतक शामिल है।

दिल्ली के विराट कोहली ने श्रीलंका में अब तक केवल तीन शानदार पारियां खेली हैं। इनमें से दो पारियों में उन्होंने शतक बनाया जबकि एक पारी अर्द्धशतक से आगे नहीं बढ़ सकी। 2012 की सीरीज़ में हम्बनटोटा में विराट ने 106 और कोलंबो में नाबाद 128 रन बनाए थे।

दूसरी ओर रोहित शर्मा पर भी सबकी नज़र रहेगी। विराट जिस बल्लेबाज़ को नंबर तीन के लिए सबसे बेहतरीन मान रहे हैं, उस बल्लेबाज़ को भी श्रीलंका में टेस्ट खेलने का अनुभव नहीं है। रोहित ने अपने वनडे करियर में अब तक 39.20 की औसत से रन बनाए हैं। इनमें से 18 मैच उन्होंने श्रीलंका के ख़िलाफ़ खेले जिसमें रोहित ने क़रीब 16 की औसत से 255 रन बनाए हैं।
 
अपने टेस्ट करियर का रोहित ने दो शानदार शतक बनाकर किया, लेकिन उसके बाद वो टेस्ट में वो कोई बड़ी पारी नहीं खेल सके। वनडे में दो दोहरा शतक बना चुके रोहित के लिए श्रीलंका दौरा अपने आप को टेस्ट में दोबारा साबित करने का मौक़ा भी होगा।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

वैसे श्रीलंका गई टीम के बल्लेबाज़ों की बात करें तो टीम में सिर्फ़ मुरली विजय एकलौते बल्लेबाज़ हैं, जिन्हें श्रीलंकाई ज़मीन पर खेलने का अनुभव है। विजय ने 2010 के दौरे पर दो टेस्ट खेले थे, लेकिन रनों के मामले में वो सिर्फ़ 99 रन बटोरे सके।