यह ख़बर 06 अप्रैल, 2013 को प्रकाशित हुई थी

आईपीएल-6 : पोलार्ड के कमाल से मुंबई ने चेन्नई को हराया

खास बातें

  • कीरोन पोलार्ड ने पहले बल्ले से जौहर दिखाते हुए आक्रामक अर्द्धशतक जड़ा और फिर निर्णायक क्षणों में सीमारेखा पर धोनी का अद्भुत कैच लपककर मुंबई इंडियंस को आईपीएल छह में चेन्नई सुपर किंग्स पर नौ रन से जीत दिलाई।
चेन्नई:

कीरोन पोलार्ड ने पहले बल्ले से जौहर दिखाते हुए आक्रामक अर्द्धशतक जड़ा और फिर निर्णायक क्षणों में सीमारेखा पर महेंद्र सिंह धोनी का अद्भुत कैच लपककर मुंबई इंडियंस को आईपीएल छह में चेन्नई सुपर किंग्स पर नौ रन से जीत दिलाई।

मुंबई के छह विकेट पर 148 रन के जवाब में चेन्नई नौ विकेट पर 139 रन ही बना सका।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से पिछला मैच आखिरी गेंद हारने वाली पर मुंबई की यह टूर्नामेंट में पहली जीत है। इसके नायक कैरेबियाई धुरंधर पोलार्ड रहे जिन्होंने मुनाफ पटेल के आखिरी ओवर की पहली ही गेंद पर धोनी को आउट करके पासा पलट दिया। उस समय चेन्नई को छह गेंद में 12 रन चाहिए थे और धोनी जबर्दस्त बल्लेबाजी कर रहे थे।

धोनी ने 26 गेंद में पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 51 रन बनाए लेकिन टीम को जीत नही दिला सके। मुंबई के लिए मुनाफ पटेल ने तीन जबकि हरभजन सिंह और प्रज्ञान ओझा ने दो-दो विकेट लिए।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पांच विकेट 66 रन पर गिरने के बाद आए धोनी ने मैच पर से मुंबई की पकड़ ढीली की और चेन्नई की जीत लगभग तय कर दी थी। मुनाफ के आखिरी ओवर फेंकने से पहले मुंबई के कप्तान रिकी पोंटिंग और सीनियर बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर उन्हें सलाह देते नजर आए।