मुंबई बनाम कोलकाता: मुंबई के लिए 'करो या मरो' का मुक़ाबला

मुंबई बनाम कोलकाता: मुंबई के लिए 'करो या मरो' का मुक़ाबला

टीम मुंबई इंडियंस की फाइल फोटो

नई दिल्ली:

गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई का सामना कोलकाता से होगा। गौतम गंभीर की कप्तानी में कोलकाता की टीम प्ले ऑफ में जगह बनाने के लिए तैयार है। अंक तालिका में दूसरे नंबर पर चल रहे कोलकाता को वानखेड़े मैदान पर एक अदद जीत की जरूरत है।
 
कोलकाता की 7 जीत में कप्तान गौतम गंभीर, रॉबिन उथप्पा और आंद्रे रसेल की भूमिका अहम रही है। कोलकाता की सिर्फ़ एक परेशानी है। टीम का अभी तक मध्यक्रम ज़्यादा नहीं चल पाया है।
 
यूसुफ़ पठान, मनीष पांडेय और सूर्य कुमार यादव का प्रदर्शन उम्मीद से कम रहा है। वानखेड़े की पिच पर स्पिनर्स की भूमिका अहम होती है।
 
जिससे जाहिर है कि टीम के स्पिनर्स सुनील नरेन, ब्रैड हॉज और पीयूष चावला मुंबई के बल्लेबाज़ों को परेशान कर सकते हैं। योहान बोथा भी अच्छी गेंदबाज़ी कर रहे हैं, लेकिन उनकी जगह वापस लौटे शाक़िब-अल-हसन को शामिल किया जा सकता है, जो मुंबई के लिए अच्छी खबर नहीं है। उमेश यादव और मार्नी मॉर्कल भी कोलकाता के लिए अहम हथियार साबित हुए हैं।
 
 वहीं मुंबई के लिए ये 'करो या मरो' का मुक़ाबला है। अंक तालिका में टीम आखिरी चार में है। चार हार के साथ शुरुआत करने वाली मुंबई की टीम टॉप 4 में पहुंचने की पूरी कोशिश कर रही है। मुंबई ने लगातार पांच मैच जीते, लेकिन रविवार को खेले गए पिछले मैच में एबी डिविलियर्स के 113 और क्रिस गेल के 83 रनों के तूफ़ान में मुंबई अपने ही मैदान पर उड़ गई। मुंबई की टीम में कई बदलाव होते रहे हैं, हालांकि उनकी बैटिंग बेहतर नज़र आ रही है।

लिंड्ल सिमंस और पार्थिव पटेल अच्छी शुरुआत दिला रहे हैं। मध्यक्रम में रोहित शर्मा, अंबाती रायडू और कीरॉन पोलार्ड हैं। मुंबई की जीत के लिए हरभजन सिंह का चलना जरूरी है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

हरभजन, मिशेल मैक्लेघन और लसिथ मलिंगा अब तक मुंबई के 3 सबसे बड़े कामयाब गेंदबाज़ साबित हुए हैं।