यह ख़बर 07 फ़रवरी, 2013 को प्रकाशित हुई थी

ईरानी कप : शेष भारत के खिलाफ मुम्बई की सधी शुरुआत

खास बातें

  • सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर (80) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत मुम्बई ने वानखेड़े स्टेडियम में शेष भारत के साथ जारी ईरानी कप मुकाबले के दूसरे दिन गुरुवार को खेल की समाप्ति तक दो विकेट के नुकसान तक 155 बना लिए।
मुम्बई:

सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर (80) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत मुम्बई ने वानखेड़े स्टेडियम में शेष भारत के साथ जारी ईरानी कप मुकाबले के दूसरे दिन गुरुवार को खेल की समाप्ति तक दो विकेट के नुकसान तक 155 बना लिए। हालांकि शेष भारत के पहली पारी के स्कोर से मुम्बई अब भी 371 रन पीछे है।  

जाफर ने अपनी शैली के अनुसार खेलते हुए 126 गेंदों का सामना कर 11 चौके और एक छक्का लगाया, जबकि अजिंक्य रहाणे (नाबाद 55) अब तक आठ चौके जमा चुके हैं।

मुम्बई की पारी की शुरुआत जाफर और आदित्य तारे ने की। दोनों सलामी जोड़ी टीम को बढ़िया शुरुआत नहीं दे सकी। तारे छह रन के निजी स्कोर पर ईश्वर पांडे की गेंद पर मनोज तिवारी को कैच देकर चलते बने।

उनके आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए रहाणे ने जाफर के साथ मिलकर 132 रनों की मूल्यवान साझेदारी की। जाफर तेज गेंदबाज एस श्रीसंत की गेंद पर अंबाती रायडू के हाथों कैच हुए। शार्दुल ठाकुर चार रन के निजी स्कोर पर नाबाद लौटे।

इससे पहले, शेष भारत की पहली पारी भोजनावकाश के बाद 526 रनों पर सिमट गई। सुरेश रैना ने सर्वाधिक 134 रनों का योगदान दिया। शेष भारत ने पहले दिन बुधवार का खेल खत्म होने तक पांच विकेट के नुकसान पर 330 रन बनाए थे।

बुधवार को नाबाद लौटे बल्लेबाज रैना (36) और बिना कोई रन बनाए खेल रहे हरभजन सिंह ने आज के खेल की शुरुआत की। हरभजन अधिक देर तक नहीं टिक सके और 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्हें धवल कुलकर्णी ने अभिषेक नायर के हाथों कैच करवाया।

उनके बाद बल्लेबाजी करने आए अभिमन्यु मिथुन ने रैना के साथ संभलकर खेलना शुरू किया। दोनों के बीच 153 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। टीम का स्कोर 505 रन हुआ था कि मिथुन को अंकित चव्हाण ने पगबाधा आउट कर दिया। उन्होंने अपनी 51 रनों की पारी में नौ चौके और एक छक्का लगाया।

आठवें नम्बर पर बल्लेबाजी करने आए प्रज्ञान ओझा अपना खाता भी नहीं खोल सके और विशाल दाभोलकर का शिकार बने। भोजनावकाश से पहले रैना ने अपना शतक पूरा कर लिया था। उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके  और पांच छक्के  लगाए। वह चव्हाण की गेंद पर शार्दुल ठाकुर को कैच थमा बैठे। पांडे भी 13 रन बनाकर चव्हाण का शिकार बने। श्रीसंत एक रन पर नौबाद लौटे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मुम्बई की ओर से चव्हाण ने तीन, कुलकर्णी और नायर ने दो-दो विकेट चटकाए, जबकि ठाकुर, दाभोलकर और रोहित शर्मा को एक-एक सफलता मिली। गौरतलब है कि शिखर धवन (63), मुरली विजय (116), तिवारी (37), रायडू (51) और वृद्धिमान साहा ने 17 रनों का योगदान दिया।