सौरव गांगुली को पछाड़ा महेंद्र सिंह धोनी ने, वर्ल्ड कप में लगातार जीते नौ मैच

हैमिल्टन : भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भारतीय क्रिकेट टीम को आईसीसी क्रिकेट विश्व कप में लगातार नौ मैच जिताकर पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के लगातार आठ मैच जीतने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा और वेस्ट इंडीज़ के पूर्व कप्तान क्लाइव लॉयड की बराबरी कर ली। मंगलवार को टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप 2015 के पूल 'बी' में लगातार पांचवां मैच जीतते हुए आयरलैंड को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी।

वैसे, विश्व कप के इतिहास में सबसे अधिक लगातार जीतों का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग के नाम है, जिनकी कप्तानी में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने वर्ष 1999 से 2011 के बीच लगातार 24 मुकाबले जीते। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया ने तीन बार विश्व कप खिताब भी जीता है।

धोनी की कप्तानी में भारत ने अब तक 14 मैच खेले हैं, जिनमें से 12 में जीत हासिल की है। एक मैच में उसे हार मिली है और एक मैच टाई रहा। वर्ष 2011 के विश्व कप में 20 मार्च को वेस्ट इंडीज़ पर मिली 80 रनों की जीत के बाद से भारत ने लगातार नौ मैच जीते हैं। इस दौरान भारत ने श्रीलंका को हराकर 28 साल बाद खिताब भी जीता था।

न्यूजीलैंड के हैमिल्टन में सिडन पार्क मैदान पर आयरलैंड के साथ हुए पूल मुकाबले में मिली जीत के साथ धोनी भारत के लिए सबसे अधिक एक-दिवसीय मैचों में कप्तानी करने वाले कप्तान भी बन गए हैं। बतौर कप्तान धोनी का यह 175वां मैच था।

इससे पहले मोहम्मद अजहरुद्दीन ने वर्ष 1990 से 1999 के बीच भारत के लिए 174 मैचों में कप्तानी की थी। धोनी वर्ष 2007 से भारतीय टीम के कप्तान हैं। वैसे अजहर के नाम 98 मैचों में लगातार कप्तानी करने का भारतीय रिकॉर्ड है। धोनी ने बिना ब्रेक के 69 मैचों में कप्तानी की है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सौरव गांगुली (146) भारत के लिए 100 से अधिक मैचों में कप्तानी करने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं। वैसे, सबसे अधिक मैचों में कप्तानी का विश्व रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पोंटिंग (230) के नाम है। धोनी इस सूची में पोंटिंग, न्यूजीलैंड के स्टीफन फ्लेमिंग (218), श्रीलंका के अर्जुन रणतुंगा (193) और ऑस्ट्रेलिया के एलन बॉर्डर (178) के बाद पांचवें स्थान पर हैं।