चैरिटी मैच में एक ही टीम से खेलेंगे धोनी, सहवाग और अफरीदी

चैरिटी मैच में एक ही टीम से खेलेंगे धोनी, सहवाग और अफरीदी

महेंद्र सिंह धोनी और वीरेंद्र सहवाग (फाइल फोटो)

लंदन:

इंग्लैंड के ओवल मैदान पर 17 सितंबर को एक चैरिटी मैच खेला जाएगा, जिसमें टीम इंडिया के वनडे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी खेलेंगे। यह मैच 'हेल्प फॉर हीरोज' और 'रेस्ट ऑफ द वर्ल्ड' टीमों के बीच खेला जाएगा। इसमें वीरेंद्र सहवाग और पाकिस्तानी ऑलराउंडर शाहिद आफरीदी भी खेलेंगे, जिन्हें धोनी के साथ 'हेल्प ऑफ हीरोज' टीम में रखा गया है।

'हेल्प फॉर हीरोज' के मैनेजर इयान बॉथम होंगे और 'रेस्ट ऑफ द वर्ल्ड' के मैनेजर लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर और कोच गैरी क्रिस्टन होंगे। धोनी ने इस मैच में खेलने के लिए सहमति दे दी है।

उन्होंने कहा, 'हेल्प फॉर हीरोज टीम दिग्गजों से भरी हुई है। इसको ज्वॉइन करना मेरे लिए गर्व की बात है। मुझे इंग्लैंड में खेलना हमेशा से ही अच्छा लगता है।"

धोनी की टीम के कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस होंगे, वहीं दूसरी टीम के कप्तान ब्रेंडन मैक्कुलम होंगे। धोनी की टीम के अन्य खिलाड़ियों में हर्शल गिब्स, डेमियन मार्टिन और ग्रीम स्वान जैसे खिलाड़ी शामिल होंगे, जबकि रेस्ट ऑफ द वर्ल्ड टीम में ब्रायन लारा, मैथ्यू हेडन, ग्रीम स्मिथ और महेला जयवर्धने जैसे दिग्गज खिलाड़ी होंगे।  

दोनों टीमें इस प्रकार होंगी :
हेल्प फॉर हीरोज - एंड्रू स्ट्रॉस (कप्तान), एमएस धोनी, वीरेंद्र सहवाग, शाहिद आफरीदी, हर्शल गिब्स, डेमियन मार्टिन, कॉरपॉरल जेक रे, जोनान पार्कर, ग्रीम स्वान, सिमॉन जोन्स, मैथ्यू होगार्ड, हैरेन वॉ।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

रेस्ट ऑफ द वर्ल्ड - ब्रेंडन मैक्कुलम, ब्रायन लारा, महेला जयवर्धने, ग्रीम स्मिथ, मैथ्यू हेडन, मेजर स्टॉर्म ग्रीम, अब्दुल रज्जाक, स्कॉट स्टायरिस, डेनियल विटोरी, टिम साउदी, शापूर जॉर्डन।