यह ख़बर 13 अप्रैल, 2013 को प्रकाशित हुई थी

आईपीएल-6 : मुंबई ने पुणे को 41 रन से हराया

खास बातें

  • मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग के छठे संस्करण के तहत शनिवार को वानखेड़े स्टेडियम में जारी 15वें मैच में पुणे वॉरियर्स को 41 रन से हरा दिया।
मुंबई:

मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग के छठे संस्करण के तहत शनिवार को वानखेड़े स्टेडियम में जारी 15वें मैच में पुणे वॉरियर्स को 41 रन से हरा दिया।

मुंबई से मिले 184 रन के लक्ष्य के जवाब में पुणे की टीम आठ विकेट पर 142 रन ही बना सकी।

पुणे की ओर से सबसे ज्यादा मिशेल मार्श ने 38 रनों की पारी खेली। मार्श ने 26 गेंदें खेलते हुए दो चौके और दो छक्के जड़े। इसके अलावा युवराज सिंह ने 24, टी सुमन ने 23 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुणे की शुरुआत बेहद खराब रही। पिछले मैच के मैन ऑफ द मैच एरॉन फिंच पारी की पहली गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। फिंच को मिशेल जॉनसन ने क्लीन बोल्ड किया।

पांच रन के कुल योग पर पुणे को दूसरा झटका लगा। रॉस टेलर चार रन बनाकर रन आउट हो गए।

जॉनसन ने 13 रनों के कुल योग पर पुणे को एक और झटका दिया। रोबिन उथप्पा जॉनसन की अंदर आती गेंद को पढ़ने में पूरी तरह से नाकाम रहे और क्लीन बोल्ड हो गए। उथप्पा ने केवल सात रन बनाए।

टी सुमन ने हालांकि अपनी टीम के लिए कुछ अच्छे शॉट्स लगाए, लेकिन 38 रनों के कुल योग पर वह भी 23 रन बनाकर हरभजन सिंह का शिकार बने। पांचवें विकेट के लिए एंजेलो मैथ्यूज और युवराज सिंह ने 33 रन जोड़े। 71 रनों के कुल योग पर युवराज सिंह आउट हुए। सीमा रेखा के पास ऋषि धवन ने युवी का शानदार कैच पकड़ा।

इसके बाद लगातार अंतराल पर पुणे के विकेट गिरते गए और पुणे की टीम 41 रन से मैच हार गई। मुंबई की ओर से जॉनसन ने तीन, पोलार्ड और प्रज्ञान ओझा ने एक-एक विकेट हासिल किया।

इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 183 रन बनाए।

मुंबई की ओर से सबसे ज्यादा रोहित शर्मा ने नाबाद 62 रनों की पारी खेली। रोहित ने 32 गेंदों का सामना किया और पांच छक्के और तीन चौके जड़े। इसके अलावा सचिन तेंदुलकर 44 और दिनेश कार्तिक ने 41 रनों का योगदान दिया। शर्मा ने 30 गेंदों में अपना अर्द्धशतक पूरा किया।

मुंबई की सलामी जोड़ी ने टीम को बढ़िया शुरुआत दी। पिछले तीन मुकाबलों में विफल रही सचिन तेंदुलकर और रिकी पोंटिंग की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 54 रन जोड़े। पारी के तीसरे ओवर में सचिन तेंदुलकर ने अशोक डिंडा के एक ओवर में लगातार चार चौके जड़ कर अपने इरादे जाहिर कर दिए।

सचिन और पोंटिंग ने इस संस्करण में पहली बार पहले विकेट लिए 50 रनों की साझेदारी की। 54 रनों के कुल योग पर मुंबई को पहला झटका लगा। पोंटिंग 14 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 17 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके जड़े।

इसके बाद 60 रनों के कुल योग पर सचिन एक लंबी हिट लगाने के चक्कर में सीमा रेखा पर मिशेल मार्श के हाथों लपके गए। सचिन ने 29 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से 44 रन बनाए।

तीसरे विकेट के लिए शानदार फॉर्म में चल रहे दिनेश कार्तिक और रोहित शर्मा ने 55 रनों की साझेदारी की। 115 रनों के कुल योग पर कार्तिक 41 रन बनाकर मिशेल मार्श की गेंद पर पगबाधा हो गए। कार्तिक ने 29 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके और एक छक्का जड़ा।

चौथे विकेट के लिए रोहित और कीरन पोलार्ड ने 68 रनों की अविजित साझेदारी की। रोहित शर्मा ने पारी के 18वें ओवर में डिंडा को 21 रन जड़े। पोलार्ड ने नाबाद 19 रनों की पारी खेली। उन्होंने 14 गेंदों का सामना करते हुए एक चौका और एक छक्का जड़ा। मुंबई ने अंतिम पांच ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 68 रन जोड़े।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पुणे की ओर से डिंडा ने चार ओवरों में सबसे ज्यादा 63 रन लुटाए। एरॉन फिंच और युवराज सिंह ने एक-एक विकेट हासिल किया।

अन्य खबरें