रणजी ट्रॉफी 2015-16 : नया सीज़न-नई टीम, वीरू सहित कई खिलाड़ियों ने पाला बदला

रणजी ट्रॉफी 2015-16 : नया सीज़न-नई टीम, वीरू सहित कई खिलाड़ियों ने पाला बदला

वीरेंद्र सहवाग (फाइल फोटो)

नई दिल्ली:

रणजी ट्रॉफी 2015-16 सीज़न शुरू होने में एक महीना बचा है। ऐसे कई चेहरे हैं जो नए सीज़न में नई टीम के साथ खेलते दिखाई देंगे। एक नज़र डालते हैं 5 टॉप खिलाड़ियों पर जो नई टीम के साथ नए सीज़न की शुरुआत करेंगे।

वीरेंद्र सहवाग-दिल्ली से हरियाणा
वीरेंद्र सहवाग ने 17 साल दिल्ली के साथ बिताने के बाद टीम से रिश्ता तोड़ लिया। टीम इंडिया के धमाकेदार ओपनर वीरेंद्र सहवाग आने वाले रणजी सीज़न में हरियाणा से खेलेंगे।

वीरू ने 1997-98 में पहली बार दिल्ली के लिए मैच खेला था। 36 साल के सहवाग के लिए 2013-14 रणजी सीज़न अच्छा नहीं रहा लेकिन पिछला सीज़न उनके लिए अच्छा रहा है। वीरू ने 8 मैचों में 51.63 के औसत से 568 रन बनाए, जिसमें दो शतक शामिल रहे। वैसे सहवाग का हरियाणा के साथ जुड़ने से उनकी नई टीम को फायदा होगा। फिलहाल वीरू टीम इंडिया से बाहर हैं और वे अपना पूरा समय टीम को दे सकेंगे।

मिथुन मनहास-दिल्ली से जम्मू-कश्मीर
वीरेंद्र सहवाग के बाद दिल्ली के एक और खिलाड़ी ने दिल्ली को बाय-बाय कहने का फैसला कर लिया है। मिथुन ने दिल्ली के साथ 17 सीज़न खेला है। 147 फर्स्ट क्लास मैच में 45.81 की औसत से मिथुन ने 9071 रन बनाए हैं, जिसमें 25 शतक शामिल हैं।

वसीम जाफ़र-मुंबई से विदर्भ
मुंबई के पूर्व कप्तान वसीम जाफर नए सीज़न की शुरुआत विदर्भ के साथ करेंगे। जाफर के रिकॉर्ड्स इस बात के गवाह हैं कि वे टीम के लिए कितने महत्वपूर्ण बल्लेबाज हैं। रणजी में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड जाफर के नाम है। उन्होंने मुंबई के साथ करीब 20 साल खेलते हुए 9759 रन बनाए हैं।

सरफराज खान- मुंबई से उत्तर प्रदेश
मुंबई क्रिकेट संघ को दूसरा झटका सरफराज खान ने दिया। सरफराज आने वाले रणजी सीजन में मुंबई की जगह उत्तर प्रदेश की ओर से खेलेंगे। 12 साल की उम्र में हैरिस शील्ड में कई रिकॉर्ड तोड़ कर चर्चा में आए सरफराज ने मुंबई को अलविदा मुंबई क्रिकेट संघ में चल रही राजनीति की वजह से किया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

प्रज्ञान ओझा-हैदराबाद से बंगाल
प्रज्ञान ओझा बदले हुए गेंदबाजी एक्शन के साथ हैदराबाद के बजाए बंगाल से खेलते हुए नजर आएंगे। ओझा ने हैदराबाद के लिए खेलते हुए 30 मैचों में 119 विकेट लिए हैं। माना जा रहा है कि बंगाल से खेलने से ओझा को टॉप टीमों के साथ खेलने का मौका मिलेगा। 29 साल के ओझा की नजर टीम इंडिया में वापसी पर होगी। ओझा ने टीम इंडिया के लिए अपना आखिरी टेस्ट 2013 में खेला था।