'दीदी' ममता बनर्जी के समर्थन से अब बंगाल क्रिकेट के 'कप्तान' बने 'दादा' सौरव गांगुली

'दीदी' ममता बनर्जी के समर्थन से अब बंगाल क्रिकेट के 'कप्तान' बने 'दादा' सौरव गांगुली

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और सौरव गांगुली (फाइल फोटो)

कोलकाता:

पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को बंगाल क्रिकेट संघ का अध्यक्ष चुन लिया गया है। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार शाम इसकी घोषणा की। उनका चयन निर्विरोध हुआ। घोषणा के बाद गांगुली ने सभी सहयोगियों को धन्यवाद दिया।

इससे पहले गांगुली ने बुधवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की थी। तभी से यह माना जा रहा था कि दिग्गज प्रशासक जगमोहन डालमिया के निधन के बाद उन्हें बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) का अध्यक्ष नियुक्त किया जा सकता है।

कैब के संयुक्त सचिव गांगुली जब राज्य सचिवालय पहुंचे, तो उनके साथ डालमिया के बेटे अभिषेक भी साथ थे। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ एक घंटे तक लंबी बातचीत की थी।

'मैंने अपना प्रिय व्यक्ति खो दिया'
डालमिया के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए गांगुली ने कहा था, ‘‘मैंने अपना बेहद प्रिय व्यक्ति खो दिया। मैं बचपन से ही उनके सामने पला बढ़ा। मेरे डालमिया के साथ बेहद निजी संबंध थे। वह मेरे लिए बेहद खास थे। मैंने एक बेहद महत्वपूर्ण व्यक्ति गंवा दिया।’’

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मुख्यमंत्री को आमंत्रित करने गया था : अभिषेक
डालमिया का श्राद्ध दो अक्टूबर को होगा और अभिषेक ने कहा कि वह मुख्यमंत्री को आमंत्रित करने के लिए गए थे। अभिषेक ने कहा, ‘‘दो अक्टूबर को मेरे पिताजी का श्राद्ध होगा। मैं मुख्यमंत्री को आमंत्रित करने के लिए गया था, जिन्होंने उनके (डालमिया) निधन के बाद भी हमें पूरा सहयोग दिया। वह हमें बहुत सम्मान देती हैं। मैं उनका आभार व्यक्त करने के लिए गया था।’’