यह ख़बर 15 दिसंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

सौरव गांगुली ने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव ठुकराया

कोलकाता:

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने भाजपा द्वारा लोकसभा का चुनाव लड़ने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। इस बारे में गांगुली ने साफ कहा है कि उनका काम मैदान में है, कहीं और नहीं। ऐसी खबरें थीं कि भाजपा ने गांगुली से वादा किया था कि अगर वह जीतते हैं और भाजपा की सरकार बनती है, तो गांगुली को देश का खेलमंत्री बना दिया जाएगा। हालांकि भाजपा नेता वरुण गांधी का कहना है कि सौरव से बातें जरूर हुई थीं, लेकिन इसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है।

पश्चिम बंगाल के भाजपा अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने पीटीआई से कहा था कि पार्टी के नेता वरुण गांधी नवंबर के मध्य में गांगुली से एक मित्र के जरिये मिले थे, जिसके बाद इस प्रस्ताव पर चर्चा की गई थी। सिन्हा ने कहा, उन्होंने गांगुली को पेशकश की।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव वरुण गांधी पश्चिम बंगाल में पार्टी के पर्यवेक्षक भी हैं। जब सिन्हा से उस अखबार की रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया करने के लिए पूछा गया, जिसमें कहा गया है कि यह पेशकश भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने की है, जिन्होंने पार्टी के केंद्र में सत्ता में आने पर बंगाल के इस दिग्गज खिलाड़ी को कैबिनेट में खेलमंत्री बनाने का वादा किया है, तो उन्होंने इससे इनकार किया। सिन्हा ने कहा, यह सब झूठ है। पश्चिम बंगाल में लोकसभा की 42 सीटें हैं, जिसमें भाजपा की एकमात्र सीट दार्जीलिंग में है। इस रिपोर्ट पर हालांकि गांगुली से प्रतिक्रिया नहीं ली जा सकी है।

(इनपुट भाषा से भी)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com