यह ख़बर 13 दिसंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

बैठकों का ब्योरा सार्वजनिक करने पर श्रीकांत हुए अमरनाथ से नाराज

खास बातें

  • चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष कृष्णामाचारी श्रीकांत ने कहा कि चयन समिति की बैठकों में उठे मसलों का खुलासा करना सही नहीं है। श्रीकांत पर आरोप लगाया जा रहा है कि खराब प्रदर्शन के बावजूद उन्होंने भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का बचाव किया।
चेन्नई:

चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष कृष्णामाचारी श्रीकांत ने कहा कि चयन समिति की बैठकों में उठे मसलों का खुलासा करना सही नहीं है।

श्रीकांत पर भी आरोप लगाया जा रहा है कि खराब प्रदर्शन के बावजूद उन्होंने भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का बचाव किया। पूर्व चयनकर्ता मोहिंदर अमरनाथ ने कहा है कि पांच में से तीन चयनकर्ता धोनी को हटाने के पक्ष में थे, लेकिन बोर्ड प्रमुख एन श्रीनिवासन ने कप्तान को बचा लिया।

श्रीकांत ने पत्रकारों से कहा, मैंने हमेशा से कहा है कि चयन समिति की बैठकों में जो भी होता है, वह चारदीवारी के भीतर रहना चाहिए। मुझे या किसी और को उसका खुलासा नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा, यह कंपनी की बोर्ड मीटिंग की तरह है, जिसमें कई मसलों पर बात होती है, लेकिन कोई इसका खुलासा नहीं करता।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

अमरनाथ के आरोपों पर सीधे जवाब देने से इनकार करते हुए श्रीकांत ने कहा, हम चयन समिति की बैठकों में कई मसलों पर बात करते हैं। धोनी की कप्तानी या एक्स, वाय, जेड कई मसलें बैठक में उठते हैं। उन्होंने कहा, हम कप्तानी से जुड़े मसलों, पूर्व खिलाड़ियों, टीम संयोजन पर हमेशा बात करते हैं। आखिर में फैसला सर्वसम्मति से ही होता है। श्रीकांत ने कहा कि विवादों पर फोकस नहीं होना चाहिए।