यह ख़बर 28 मार्च, 2014 को प्रकाशित हुई थी

टी-20 विश्वकप : वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हराया

मीरपुर (ढाका):

कप्तान डारेन सैमी (नाबाद 34, 13 गेंद, 2 चौके, 3 छक्के) की तूफानी पारी की बदौलत वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए आईसीसी ट्वेंटी-20 विश्व कप के ग्रुप-2 के अपने तीसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हरा दिया।

ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज के सामने 179 रनों का लक्ष्य रखा था। अंतिम 12 गेंदों पर वेस्टइंडीज को जीत के लिए 31 रनों की जरूरत थी। सैमी ने मिशेल स्टार्क द्वारा फेंके गए 19वें ओवर में 19 रन बटोरे और फिर जेम्स फॉल्कनर द्वारा फेंके गए 20वें ओवर की तीसरी और चौथी गेंदों पर छक्का लगाकर अपनी टीम को छह विकेट और दो गेंद शेष रहते जीत दिला दी।

सैमी के साथ ड्वेन ब्रावो 27 रनों पर नाबाद लौटे। ब्रावो ने 12 गेंदों पर दो चौके और दो छक्के लगाए। इन दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 19 गेंदों पर 49 रनों की साझेदारी निभाई। इसमें सैमी के 34 और ब्रावो के 15 रन शामिल हैं।

वेस्टइंडीज के लिए क्रिस गेल ने 53, लेंडल सिमंस ने 26, मार्लन सैमुएल्स ने 12 और ड्वायन स्मिथ ने 17 रनों का योगदान दिया। गेल और स्मिथ ने पहले विकेट के लिए पांच ओवरों में 50 रन जोड़े। स्मिथ ने 19 गेंदों पर चार चौके लगाए।

गेल आज चिरपरिचित अंदाज में खेले। गेल ने 35 गेंदों पर छह चौके और दो छक्के लगाए। गेल और सिमंस ने दूसरे विकेट के लिए 51 रन जोड़कर अपनी टीम के लिए जीत का आधार तय किया। इसके बाद सैमुएल्स और सिमंस ने 23 रन जोड़े।

मैच का असल रंग ब्रावो और सैमी की मौजूदगी में दिखा। 130 रनों के कुल योग पर मैदान में आने वाले सैमी ने आते ही चौकों और छक्कों की बरसात लगा दी और एक समय जीत की स्थिति में दिख रही ऑस्ट्रेलियाई टीम बैकफुट पर जाने पर मजबूर हुई।

सैमी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वेस्टइंडीज ने इस विश्व कप में दूसरा मैच जीता है। उसे भारत के खिलाफ हार मिली थी लेकिन उसने बांग्लादेश को हराया था। ऑस्ट्रेलिया को लगातार दूसरी हार मिली है। उसे पहले मैच में पाकिस्तान ने हराया था।

इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया ने ग्लेन मैक्सवेल (45) और ब्रैड हॉज (35) की उम्दा पारियों की बदौलत टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 178 रन बनाए।

एरॉन फिंच (16 रन, 11 गेंद, 2 चौके, 1 छक्का) और डेविड वार्नर (20 रन, 14 गेंद, चार चौके) ने अच्छी शुरुआत दिलाई। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 22 गेंदों पर 33 रन जड़े।

शेन वॉटसन (2) सस्ते में आउट हो गए, लेकिन मैक्सवेल ने 22 गेंदों पर पांच चौके और तीन छक्के लगाए। कप्तान जार्ज बेले ने 12 गेंदों पर एक छक्के की मदद से 12 रन जोड़े। बेले का विकेट 77 रनों के कुल योग पर गिरा। अब मैक्सवेल का साथ देने हॉज आए। इन दोनों ने तेजी से रन बटोरे। मैक्सवेल 100 के कुल योग पर सैमुएल बद्री की गेंद पर ड्वेन ब्रावो के हाथों लपके गए।

इसके बाद हॉज ने जेम्स फॉल्कनर (13) के साथ छठे विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी की। हॉज 152 के कुल योग पर आउट हुए। हॉज ने 26 गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाया। फॉल्कनर 154 और मिशेल स्टार्क (4) 171 के कुल योग पर आउट हुए। ब्रैड हेडिन (नाबाद 15) और जेम्स मुइरहेड (नाबाद 1) ने इसके बाद टीम को कोई नुकसान नहीं होने दिया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

हेडिन ने सात गेंदों पर एक चौका और एक छक्का लगाया। वेस्टइंडीज की ओर से बद्री, मार्लन सैमुएल्स और सुनील नरेन ने दो-दो विकेट लिए।