अभ्यास मैच : ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 106 रनों से हराया

एडिलेड:

विश्व कप 2015 के शुरू होने में एक हफ्ते से भी कम समय बाकी रहने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया में भारतीय टीम का लचर प्रदर्शन जारी है। भारतीय टीम को एडिलेड ओवल मैदान पर रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए आईसीसी विश्व कप के अपने पहले अभ्यास मैच में 106 रनों से हार का सामना करना पड़ा।  

भारत के सामने जीत के लिए 372 रनों का लक्ष्य था, लेकिन लगातार अंतराल पर गिरते विकेट और रन रेट के बढ़ते दबाव के सामने मौजूदा विश्व चैम्पियन टीम 45.1 ओवरों में 265 रन बनाकर धराशायी हो गई।

भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने 59 रनों का योगदान दिया वहीं, अजिंक्य रहाणे 66 रन बनाकर आउट हुए। अंबाती रायडू 53, जबकि विराट कोहली केवल 18 रन बना सके। धवन और रायडू ने तीसरे विकेट के लिए हालांकि 104 रनों की साझेदारी कर थोड़ी देर के लिए उम्मीदें जरूर बढ़ाई, लेकिन इसके बाद और कोई बड़ी साझेदारी नहीं हो सकी। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपना खाता भी नहीं खोल सके।

ऑस्ट्रेलिया की ओर से पैट कमिंस ने तीन विकेट हासिल किए। मिशेल जॉनसन, जोस हैजलवुड और मिशेल स्टार्क को दो-दो सफलता मिली।

इससे पहले सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर (104) और ग्लेन मैक्सवेल (122) की तूफानी शतकीय पारियों की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर 48.2 ओवरों में 371 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

भारत ने आठ गेंदबाज आजमाते हुए मेजबान टीम को ऑलआउट किया। मोहम्मद समी ने 9.2 ओवरों में 83 रन देकर तीन विकेट लिए। उमेश यादव और मोहित शर्मा को दो-दो सफलता मिली।

वार्नर ने अभ्यास का मौका हाथों-हाथ लेते हुए 83 गेंदों पर 14 चौके और दो छक्के लगाए। मैक्सवेल ने रिटायर्ड हर्ट होने से पहले 57 गेंदों पर 11 चौके और आठ छक्के लगाए। इन दोनों के अलावा एरॉन फिंच ने 20, शेन वॉटसन ने 22, मिशेल मार्श ने 21 और मिशेल जानसन ने 19 रन बनाए। मैक्सवेल मैन ऑफ दे मैच चुने गए।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

विश्व कप से पहले भारत अब अपना दूसरा और आखिरी अभ्यास मैच मंगलवार को अफगानिस्तान के खिलाफ खेलेगा।