गेल के तूफ़ान से नहीं डरने की 5 वजहें

फाइल फोटो

नई दिल्ली:

पर्थ में टीम इंडिया जब वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ मुक़ाबले में खेलने उतरेगी तो सबकी नजरें क्रिस गेल पर टिकी होंगी। ख़ासकर जिंबाब्वे के ख़िलाफ़ जिस तरह से क्रिस गेल ने तूफानी दोहरा शतक लगाया है उसे देखते हुए धोनी के धुरंधरों को उनसे सावधान रहने की जरूरत है।
लेकिन हम आपको बताते हैं वो पांच वजहें, जिसके चलते क्रिस गेल के तूफ़ान से डरने की जरूरत नहीं है।
1) वनडे क्रिकेट में भारत के खिलाफ क्रिस गेल बीते कई साल से नाकाम रहे हैं। उन्होंने भारत के ख़िलाफ़ अपना आखिरी शतक 2006 में बनाया था। इसके बाद उन्होंने भारत के खिलाफ 19 वनडे मैच खेले हैं, इसमें कोई शतक नहीं बना पाए हैं। इन मैचों में उन्होंने 450 रन बनाए हैं, वो भी महज 23।68 की औसत से। इसमें 7 बार वे दहाई अंक में भी नहीं पहुंच पाए हैं, जबकि चार बार तो वे अपना खाता भी नहीं खोल पाए हैं।
2) क्रिस गेल भले ही दुनिया के किसी भी मैदान पर तूफानी पारी खेलने का दम रखते हों, लेकिन हकीकत यही है कि पर्थ के वाका मैदान पर अब तक उनका बल्ला खामोश रहा है। पर्थ में क्रिस गेल ने अब तक तीन वनडे मैच खेले हैं और इन तीन मैचों में उनका स्कोर रहा है- 0, 4 और 4।
3) क्रिस गेल जिंबाब्वे के खिलाफ दोहरा शतक बनाने से पहले इस वर्ल्ड कप के दौरान अपनी लय में नहीं थे। इस मैच से पहले उन्होंने तीन मैचों में महज 43 रन बनाए थे। इसमें आयरलैंड के खिलाफ बनाए गए उनके 36 रनों की एक पारी भी शामिल थी।
4) भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आर अश्विन को गेल के खिलाफ ट्रंप कार्ड के तौर पर इस्तेमाल कर सकते हैं। धोनी ने आर अश्विन को गेंदबाज़ी में पहले उतारने के संकेत दिए हैं, तो दूसरी ओर आर अश्विन भी इस चुनौती को निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। दरअसल अश्विन पर इस भरोसे की वजह गेल के खिलाफ उनका प्रदर्शन है। अश्विन और गेल अब तक टी-20 और आईपीएल में 8 बार आमने सामने हुए हैं। इनमें धोनी ने उन्हें छह बार नई गेंद थमाई है। अश्विन ने इनमें चार बार गेल का विकेट झटक लिया, दो बार तो अपने पहले ही स्पैल में। जाहिर है ये बात गेल और अश्विन दोनों के दिमाग में होगी।
5) क्रिस गेल इस वनडे मैच से पहले पीठ की तकलीफ से बेहद परेशान रहे हैं। हालांकि मैच से ठीक पहले वाले अभ्यास सत्र में उन्होंने हिस्सा जरूर लिया, लेकिन बीते कई सालों से पीठ की तकलीफ की वजह से उनकी बल्लेबाज़ी प्रभावित होती रही है। इसकी वजह से ही वे वर्ल्ड कप के बाद टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का मन बना रहे हैं।
 
 


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com