दस दिवसीय त्योहार अट्टकल पोंगल आज से शुरु, 40 लाख महिलाएं लेंगी अनुष्ठान में हिस्सा

दस दिवसीय त्योहार अट्टकल पोंगल आज से शुरु, 40 लाख महिलाएं लेंगी अनुष्ठान में हिस्सा

फाईल फोटो

तिरुवनंतपुरम:

केरल का 10 दिवसीय त्योहार अट्टकल पोंगल आज से शुरु हो गया। तिरुवनंतपुरम के अट्टकल स्थित भगवती मंदिर में होने वाले इस महोत्सव में लगभग 40 लाख महिलाओं के भाग लेने का उम्मीद है।

मंदिर के अधिकारियों के अनुसार, अट्टकल भगवती महोत्सव में भाग लेने के लिए केरल और उसके बाहर से महिला श्रद्धालुओं का आना सोमवार से ही शुरू हो गया। ये श्रद्धालु भगवती को चढ़ाने के लिए मंदिर के आसपास सड़क किनारे बैठ कर मीठे व्यंजन बनाएंगी।

कन्नगी देवी की अवतार हैं अट्टकल भगवती
इस महोत्सव का आयोजन अट्टकल भगवती मंदिर ट्रस्ट करता है। मंदिर के अधिकारी ने कहा, "हमलोग इस बार रिकार्ड 40 लाख महिला श्रद्धालुओं के आने की आशा कर रहे हैं। अभी से ही मंदिर के आसपास की जगहों और सड़कों पर महिलाओं ने कब्जा जमा लिया है।" 

यह मंदिर अट्टकल भगवती का मंदिर है, जो कन्नगी देवी की अवतार मानी जाती हैं। इनका जिक्र तमिल महाकाव्य शिल्लपदिकारम में है। सन् 2009 में इस महोत्सव में 35 लाख महिला श्रद्धालुओं ने भाग लिया था और यह कार्यक्रम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में भी शामिल हुआ था। 

ईसाई महिलाएं भी भाग लेती हैं इसमें
कोट्टायम से आईं महिला श्रद्धालु श्रीलता नायर ने कहा, "यह मेरी पहली यात्रा है। ऐसा विश्वास है कि इस महोत्सव में भाग लेने और देवी को अपनी कामना बताने पर वह शीघ्र पूरी हो जाती है। मेरी भी एक मनोकामना है, इसलिए यहां आई हूं।" 

यह महोत्सव इतना अधिक प्रसिद्ध हो गया है कि ईसाई महिलाएं और काफी संख्या में विदेशी महिला पर्यटक भी इसमें भाग लेने आती हैं। 

मंदिर के गर्भगृह की आग से पुजारी जलाएंगे चूल्हा 
इस अनुष्ठान की शुरुआत तब होती है, जब पुजारी देवी के गर्भ गृह से आग लेकर चूल्हा जलाते हैं। दोपहर बाद जब पुजारी मंदिर से जल ला कर छिड़कते तब, तब महिलाएं अपनी सामान समेट कर लौट जाती हैं।

राज्य सरकार ने इस महोत्सव के लिए तिरुवनंतपुरम में सोमवार को आधे दिन की छुट्टी और मंगलवार को पूरे दिन की छुट्टी की घोषणा कर दी है। 

केरल विधानसभा दो दिनों के लिए स्थगित
यहां तक कि केरल विधानसभा भी दो दिनों के लिए स्थगित कर दी गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस बल की पहली खेप तैनात कर दी गई है।

ट्रैफिक व्यवस्था निर्देशित की जा रही है। मुख्य अनुष्ठान को संपन्न करवाने के लिए यहां 3500 अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)