यह ख़बर 21 फ़रवरी, 2014 को प्रकाशित हुई थी

अभिनेत्री गीतिका ने 'जॉली एलएलबी' के निर्देशक पर छेड़खानी का आरोप लगाया

निर्देशक सुभाष कपूर की फाइल तस्वीर

मुंबई:

'जॉली एलएलबी' के निर्देशक सुभाष कपूर पर अभिनेत्री गीतिका त्यागी ने उसका यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। इस घटना के लिए कपूर को गीतिका द्वारा गुप्त रूप से रिकॉर्ड किए गए वीडियो में खेद प्रकट करते दिखाया गया है।

'वन बाई टू' और 'व्हाट द फिश' में काम कर चुकी गीतिका ने इस वीडियो को अपने ट्विटर पन्ने पर अपलोड किया है, जिसमें वह कपूर का विरोध करते और उन्हें चांटा मारते दिखाई पड़ी हैं। यह घटना तकरीबन एक साल पहले हुई थी।

कपूर की पत्नी डिंपल खरबंदा और गीतिका के निर्देशक बॉयफ्रेंड अतुल सभरवाल भी 31 मिनट लंबे वीडियो में दिखाई पड़े हैं। कपूर वीडियो में पछताते हुए दिखाई पड़े हैं। कपूर ने कहा, यह बचाव नहीं है। मुझसे कहा गया कि यहां आना संभवत: आपकी (गीतिका) मदद करेगा। पिछले डेढ़ वर्षों से ऐसा एक भी दिन नहीं रहा है, जब यह घटना मेरे दिमाग से बाहर नहीं गई है। मैं पहले कभी इस तरह की किसी चीज का हिस्सा नहीं रहा हूं, लेकिन ऐसा मेरे साथ हुआ है और मैं इस पर खेद प्रकट करता हूं।

कपूर की पत्नी को रोते हुए दिखाया गया है और वह अपने पुत्र के भविष्य को लेकर चिंतित है। पत्रकार से अभिनेत्री बनी गीतिका रोते हुए और निर्देशक पर चीखते हुए दिखाई देती है। गीतिका ने कहा, इस घटना की वजह से मैं किसी व्यक्ति पर विश्वास नहीं कर सकती। कपूर ने टेलीफोन कॉल और संदेशों का जवाब नहीं दिया।

गीतिका ने बाद में स्पष्ट किया कि यह कास्टिंग काउच का मामला नहीं है, क्योंकि निर्देशक एक पारिवारिक मित्र हैं, जिन्हें वह आठ सालों से अधिक समय से जानती हैं और यह निष्काम संबंध है। गीतिका ने कहा, यह विश्वास हनन का मामला है। उन्होंने ट्वीट करके सभरवाल का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने वीडियो को सार्वजनिक करने के लिए उन्हें प्रोत्साहन दिया। सभरवाल ने पिछले साल अर्जुन कपूर अभिनीत 'औरंगजेब' का निर्देशन किया था। उन्होंने ट्वीट करके अपना समर्थन जताया।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com