बर्थडे स्पेशल : 140 किलो के अर्जुन बनने आए थे पापा की तरह डायरेक्टर, बन गए हीरो

फाइल फोटो

नई दिल्ली:

अर्जुन कपूर की आज बॉलीवुड में पैठ देखकर कोई नहीं कह सकता कि कभी वे 140 किलो के थे। पिता बोनी कपूर की तरह डायरेक्टर बनने निकले अर्जुन कपूर हीरो बन गए। इससे पीछे वह सलमान खान का हाथ बताते हैं। सलमान ने एक मुलाकात के दौरान अर्जुन कपूर को कहा था कि तुम हीरो क्यों नहीं बनते? उन्होंने ही अर्जुन को वजन कम करने के लिए भी प्रेरित किया। यही नहीं अर्जुन कपूर ने खाने से लेकर वर्कआउट तक सलमान की हर सलाह को फॉलो किया। वह 'इश्कजादे', 'तेवर', 'गुंडे', 'फाइंडिंग फैनी' और '2 स्टेट्स' जैसी हिट फिल्मों में काम कर चुके हैं।

पिता की वजह से नहीं मिला पहला ब्रेक
'इश्कजादे' का पोस्टर रिलीज होते ही अर्जुन कपूर खबरों में आ गए। दरअसल, बॉलीवुड को बहुत दिनों बाद नैन-नक्श और कद-काठी से मजबूत कोई हीरो जो मिल रहा था। कइयों का मानना है कि अर्जुन फिल्मी बैकग्राउंड से थे तो उन्हें ब्रेक भी उसी वजह से मिला होगा, लेकिन अर्जुन का कहना है कि उनके फेसबुक प्रोफाइल पर कास्टिंग डायरेक्ट शानू शर्मा की नजर पड़ी, जिसके बाद ऑडिशन देने पर उन्हें पहला ब्रेक मिला।

चाचा अनिल कपूर से हैं प्रभावित
अर्जुन कपूर चाचा अनिल कपूर की मेहनत और लगन से बहुत प्रभावित हैं। अर्जुन का कहना है कि जब वह 'इश्कजादे' की शूटिंग के लिए जा रहे थे तो अनिल कपूर ने कहा कि जान लगा देना, ऐसा मौका बहुत कम लोगों को मिलता है।

करीना कपूर हैं उनका पहला क्रश
अर्जुन कपूर पर लाखों लड़कियां मरती हैं, लेकिन उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि उनका पहला प्यार करीना कपूर हैं। वह करीना के साथ एक फिल्म कर रहे हैं, जिसकी शूटिंग जल्द शुरू होगी।

'एआईबी नॉकआउट' से विवादों में
अर्जुन कपूर भी उन लोगों में शामिल थे, जिन्होंने एआईबी नॉकआउट में भाग लिया था। यह शो काफी विवादों में रहा क्योंकि इसमें गाली-गलौच वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया था। इस मामले में अर्जुन के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई गई थी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सलमान खान की बहन अर्पिता से रहा है रिश्ता
अर्जुन कपूर का रिश्ता सलमान खान की बहन अर्पिता से रहा है। एक अखबार को दिए इंटरव्यू में अर्जुन ने स्वीकार किया कि उनका अर्पिता खान से खास रिश्ता रहा है, जिसका सम्मान पूरा परिवार करता है।
(अर्जुन कपूर का जन्मदिन : 26 जून 1985)