फ़िल्म 'हमारी अधूरी कहानी' भारतीयों को पसंद आई, इंडियंस को नहीं : महेश भट्ट

मुंबई:

फ़िल्म 'हमारी अधूरी कहानी' हिट है या फ्लॉप इस पर चर्चा शुरू है। सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर फ़िल्म को फ्लॉप और बुरा कहने वालों को महेश भट्ट ने 'इंडियन' कहा है। उनके मुताबिक 'भारतीयों को यह फ़िल्म अच्छी लग रही है, इंडियंस को नहीं।'

इमरान हाश्मी और विद्या बालन के अभिनय वाली फ़िल्म 'हमारी अधूरी कहानी' ने पहले वीकेंड यानि पहले 3 दिनों में 16.49 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। सोमवार को फ़िल्म की कमाई हुई 3 करोड़ यानि 4 दिनों में 19.49 करोड़, जो बहुत अच्छा तो नहीं है मगर फ़िल्म की टीम खुश है और उन्हें लगता है की ये फ़िल्म हिट हो जाएगी।

फ़िल्म के लेखक और निर्माता महेश भट्ट ने कहा कि "पहले दिन 5 करोड़ और दूसरे दिन फ़िल्म ने 5 करोड़ से भी ज़्यादा का कारोबार किया और रविवार को कलेक्‍शन 6 करोड़ से ऊपर गया, जो दर्शाता है की फ़िल्म को दर्शक देख रहे हैं और मैं इस प्रदर्शन से खुश हूं।"

वहीं, फ़िल्म के निर्देशक मोहित सूरी ने जानकारी दी और कहा की "महिलाएं मेरी फिल्मों को कम देखती थीं, मगर इस फ़िल्म को महिलाएं भारी संख्या में देख रही हैं जो मेरे लिए बड़ी राहत की बात है।"

फ़िल्म 'हमारी अधूरी कहानी' को दर्शकों से लेकर समीक्षकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है। कुछ समीक्षकों ने फ़िल्म को बहुत बुरा कहा है। सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर फ़िल्म को फ्लॉप भी कहा जा रहा है, जिससे नाराज़ महेश भट्ट ने कहा कि "यहां इंडिया और भारत बसता है। भारत देश के गांव और छोटे शहरों में बसता है और इंडिया बसता है बड़े शहरों में। इंडिया में रहने वाले नहीं जानते की भारत की महिलाओं का दुख, उनकी मर्यादा और लक्ष्मण रेखा क्या होती है। ऐसे इंडियंस की सोच अंग्रेजी है, जिन्हें मेरी फ़िल्म पसंद नहीं आ रही है। जो भारत को जानते हैं। औरतों के दुख को पहचानते हैं, उन्हें फ़िल्म अच्छी लग रही है।"

महेश भट्ट ने यह भी कहा कि फ़िल्म मदर इंडिया जब ऑस्कर में गई थी तब अकादमी वालों ने इसके निर्देशक महबूब साहब से यही सवाल पूछा था की इस महिला की तकलीफ क्या है। अगर इसका पति मर गया है तो ये ज़मींदार से शादी क्यों

नहीं कर लेती। अकादमी वालों ने महबूब साहब से यह सवाल इसलिए किया था क्योंकि वो मंगल सूत्र की अहमियत नहीं जानते थे। मेरी फ़िल्म को भी वही लोग बुरी कह रहे हैं जिनकी मानसिकता और सोच अकादमी के लोगों के जैसी है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

वैसे, महेश भट्ट जो भी कहें मगर इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता की फ़िल्म का कलेक्शन बहुत अच्छा तो नहीं है मगर इसे पर्दे पर आए अभी सिर्फ 4 दिन ही हुए हैं, लिहाजा अभी इसे हिट या फ्लॉप कहना जल्दबाज़ी होगी। फ़िल्म की टीम को भरोसा है की भारत के लोग इसे पसंद कर रहे हैं और वो इसे कामयाब बनाएंगे।