बॉलीवुड हस्तियों ने शुरू की कादर खान को पद्मश्री दिलाने की मुहिम

बॉलीवुड हस्तियों ने शुरू की कादर खान को पद्मश्री दिलाने की मुहिम

कादर खान (फाइल फोटो)

मुंबई:

जाने-माने अभिनेता कादर खान को आज तक पद्मश्री सम्मान भी नहीं मिला है, जबकि इन्होंने बॉलीवुड में अभिनय से लेकर लेखन तक बड़ा योगदान दिया है। ये हकीकत है कि जिसने 100 से ज्यादा फिल्मों की कहानी और संवाद लिखे और जिसने करीब 400 फिल्मों में सशक्त भूमिकाएं निभाईं, उसे आज तक पद्मश्री अवॉर्ड भी नहीं मिला।

कादर खान के साथ हुई इस नाइंसाफी के खिलाफ अब बॉलीवुड में आवाजें उठने लगी हैं। फिल्मकार फौजिया अर्शी और ओमपुरी ने मिलकर सरकार को चिट्ठी लिखी है और अनुरोध किया है कि कादर खान को पद्मश्री से सम्मानित किया जाए।

फौजिया ने कहा, "हमने प्रधानमंत्री को चिट्ठी लिखी है। हम बॉलीवुड की बड़ी हस्तियों से इस पर हस्ताक्षर करवाएंगे और सरकार के पास भेजेंगे। हमने उनके साथ काम कर चुके गोविंदा, अमिताभ बच्चन, सलमान ख़ान, अनिल कपूर और डेविड धवन जैसी हस्तियों से संपर्क किया है।"

वहीं ओम पुरी ने कहा, "कादर खान के योगदान के लिए उन्हें बहुत पहले ही सम्मान मिलना चाहिए था। पर अब भी देर नहीं हुई है और उन्हें जल्द पद्मश्री मिलना चाहिए।"

अन्य सितारे भी आए आगे

बॉलीवुड के अन्य सितारे भी कादर खान को पद्मश्री दिए जाने के पक्ष में हैं और वे इस मुहिम से जुड़ रहे हैं। शक्ति कपूर के मुताबिक, "कादर खान का बॉलीवुड में योगदान ऐसा है, जैसे मां ने अपने बच्चे को दूध पिलाया हो।" ऋषि कपूर ने भी कहा कि कादर खान को पद्मश्री मिलना चाहिए।

'कादर को 10 साल पहले मिलना चाहिए था पद्मश्री'

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

अक्सर ऐसे सम्मान पर उंगलियां और विवाद भी उठते हैं। कई बार पक्षपात का आरोप भी लगता है और यही आरोप लगाया है लेखक और निर्देशक रूमी जाफ़री ने। रूमी ने कहा, 'ज़्यादातर ये सम्मान उन्हें ही मिलता है, जिनकी पहचान मिनिस्ट्री में होती है। जो मिनिस्ट्री में लॉबिंग करवाते हैं, उन्हें इस तरह के सम्मान जल्दी मिल जाते हैं। कादर खान ने ऐसा कुछ नहीं किया, इसीलिए उन्हें अब तक पद्मश्री भी नहीं मिला, जबकि वो इससे ज्यादा के हकदार हैं। उन्हें 10 साल पहले पद्मश्री और अब तक पद्मभूषण मिलना चाहिए था, क्योंकि उन्होंने 350 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया है और करीब 150 फिल्मों की कहानी लिखी है।"