फिर उठ सकता है सनी देओल का 'ढाई किलो का हाथ'

फिर उठ सकता है सनी देओल का 'ढाई किलो का हाथ'

सनी देओल (फाइल फोटो)

मुंबई:

फ़िल्म 'दामिनी' का रीमेक बन सकता है और एक बार फिर सनी देओल का 'ढाई किलो का हाथ' अपने दुश्मनों पर उठ सकता है। फ़िल्म दामिनी में गोविंद की भूमिका निभाने वाले सनी देओल इसका रीमेक बनाने पर विचार कर रहे हैं और उनका मानना है कि गोविंद की भूमिका आज के दौर को ध्यान में रखते हुए दोबारा परदे पर आनी चाहिये।

राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित फ़िल्म दामिनी में हालांकि मुख्य भूमिका में ऋषि कपूर थे और सनी देओल एक वकील गोविंद की भूमिका में मगर गोविंद की भूमिका ने लोगों का दिल जीत लिया। सनी देओल का बोला हुआ संवाद 'ढाई किलो का हाथ' बेहद लोकप्रिय हुआ। इसी फ़िल्म का एक और डॉयलॉग तारीख़ पर तारीख़ भी लोगों की जुबां पर है। दामिनी के दोनों डॉयलॉग आज भी सनी देओल की पहचान सरीखे बन गए हैं। शायद यही वजह है कि सनी की इच्छा हुई है कि दामिनी का रीमेक बनाया जाए।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

फ़िल्म घायल के रीमेक घायल वन्स अगेन को मिली अच्छी प्रतिक्रिया के बाद सनी देओल अपनी फ़िल्म अर्जुन और दामिनी का रीमेक बनाने का मन बना रहे हैं। सनी देओल का भी मानना है कि अगर इन फिल्मों को आज के दौर की कहानी में पिरोकर फ़िल्म बनाई जाये तो लोग इसे देखेंगे।