यह ख़बर 03 अक्टूबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

दुनिया को दिखाऊंगी, ठुमके क्या होते हैं : प्रियंका चोपड़ा

खास बातें

  • प्रियंका चोपड़ा ने अपने पहले म्यूज़िक एल्बम को लेकर ट्विटर पर लिखा, 'इन माई सिटी' के वीडियो की शूटिंग का पहला दिन...! घबराई हुई हूं, और पहली बार काम करने जैसा महसूस कर रही हूं...!
मुंबई:

हिन्दी फिल्म इंडस्ट्री, यानि बॉलीवुड में एक दशक से भी अधिक समय बिता चुकीं अभिनेत्री और पूर्व मिस वर्ल्ड प्रियंका चोपड़ा आजकल अपने पहले अंतरराष्ट्रीय म्यूज़िक एल्बम 'इन माई सिटी' के आधिकारिक वीडियो की शूटिंग को लेकर खासी घबराई हुई हैं।

प्रियंका चोपड़ा ने अपने ट्विटर एकाउंट पर लिखा, 'इन माई सिटी' के आधिकारिक वीडियो की शूटिंग का पहला दिन...! पहली बार काम करने जैसा महसूस कर रही हूं...! मुझे याद नहीं कि मैंने आखिरी बार इस तरह की घबराहट और डर कब महसूस किया था...

बताया जाता है कि प्रियंका अपने इस वीडियो के लिए कई बार अभ्यास भी कर चुकी हैं, लेकिन इस ट्विटर संदेश से लगता है कि उनकी घबराहट कम होने का नाम नहीं ले रही है। यह भी जानकारी मिली है कि 'इन माई सिटी' में वह अपनी 'देसी गर्ल' की पहचान के अनुसार भारतीय ठुमके लगाती भी नजर आएंगी।

उन्होंने ट्विटर पर यह भी लिखा है, "आइए, दुनिया को दिखाते हैं, ठुमके क्या हैं...! मैं इसे देसी शैली में ही कर रही हूं..."

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मधुर भंडारकर की फिल्म 'फैशन' के लिए अभिनय का राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी प्रियंका चोपड़ा ने अपनी एल्बम का पहला गीत सितम्बर में प्रदर्शित किया था, और उनकी पूरी एल्बम कुछ समय बाद रिलीज़ हो जाएगी।