यह ख़बर 22 मई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

मैं अब हर साल कान जाऊंगी : मिनिषा

खास बातें

  • अघोषित जेवरात साथ रखने के लिए मुंबई हवाई अड्डे पर 16 घंटे तक हिरासत में रखे जाने के बाद भी मिनिषा लाम्बा के हौसले बुलंद हैं।
Mumbai:

अघोषित जेवरात साथ रखने के लिए मुंबई हवाई अड्डे पर 16 घंटे तक हिरासत में रखे जाने के बाद भी मिनिषा लाम्बा के हौसले बुलंद हैं। वह कहती हैं कि अब वह हर वर्ष कान जाएंगी। फिल्म 'वेल डन अब्बा' की अभिनेत्री मिनिषा ने कहा, हमने 16 घंटे का एक बहुत ही जीवंत सत्र बिताया। उन्होंने कहा, मैं क्या कह सकती हूं? मेरे सामने बैठने और रोने या उस विचित्र स्थिति को सर्वोत्तम बनाने की कोशिश करने का ही विकल्प था। यह पूछे जाने पर कि क्या मिनिषा के पास वाकई में 40 लाख रुपये कीमत के अघोषित जेवरात थे, उन्होंने कहा, था, लेकिन इतना नहीं था। उसकी कीमत इस राशि से काफी कम थी। चूंकि इसमें कानूनी पेंच है, लिहाजा मैं आपको उसकी वास्तविक कीमत नहीं बता सकती। मेरे पास उसके पक्ष में कागजात थे। मिनिषा ने बताया कि एक मामूली भूल के कारण उन्हें हिरासत में लिया गया, लेकिन अब वह उसका कारण नहीं बताना चाहतीं। मिनिषा ने कहा कि हवाई अड्डे के अधिकारी बहुत ही मित्रवत थे। उन्होंने मुझे सबसे अच्छा भोजन दिया और मुझे सहज बनाए रखने के लिए वे लगातार मजाक करते रहे। मैंने कान में हुए अनुभवों के बारे में उनसे बातें की। उन्होंने सेलीब्रिटीज के साथ अपने अनुभव बताए। हमने 16 घंटे का एक बहुत ही जीवंत सत्र बिताया। लेकिन मिनिषा इस घटना को खौफनाक भी बताती हैं, क्योंकि राई को पहाड़ बना दिया गया था। उन्होंने कहा कि वह कान से आकर हवाई अड्डे पर उतरी थीं और घर जाकर सोना चाहती थीं। उन्हें यह बिल्कुल पता नहीं था कि ऐसी घटना घटने वाली है। उनके अनुसार जीवन आश्चर्यों से भरा पड़ा है। इसके पहले यात्रा के दौरान नाइस हवाई अड्डे पर उनका सामान गुम हो गया था। कान के बारे में मिनिषा ने बताया कि वह वूडी एलेन की नई फिल्म 'मिडनाइट इन पेरिस' के प्रीमियर में हिस्सा लेने गई थीं। वह एलेन से मिल तो नहीं पाईं, लेकिन उनके प्रबंधन ने लाम्बा से कहा कि वे भारतीय सिनेमा को बहुत गम्भीरता से ले रहे हैं। मिनिषा ने कहा कि कान यात्रा के दौरान उनके साथ यह विवाद संयोगवश पैदा हुआ। यह भी जीवन का एक अनुभव है। लेकिन उन्होंने कहा कि इस अनुभव ने उन्हें और मजबूत किया है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com