सलमान की फिल्म को छोड़ निर्देशक राजकुमार संतोषी ने शुरू किया अन्य फिल्म पर काम...

सलमान की फिल्म को छोड़ निर्देशक राजकुमार संतोषी ने शुरू किया अन्य फिल्म पर काम...

सलमान खान (फाइल फोटो)

मुंबई:

करीब 21 साल बाद सुपरस्टार सलमान खान और निर्देशक राजकुमार संतोषी की जोड़ी बनने वाली थी, लेकिन अब इस पर ग्रहण लग गया है। खबर है कि संतोषी के निर्देशन में बनने वाली सलमान खान की फिल्म रुक गई है, वहीं अब संतोषी दूसरी फिल्म बनाने जा रहे है, जो 'सारागढ़ी की लड़ाई' पर आधारित है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सल्लू स्क्रिप्ट को लेकर खुश नहीं थे और उसमें कई बदलाव चाहते थे।

फिल्म 'अंदाज अपना अपना' के बाद सलमान खान एक बार फिर राजकुमार संतोषी के निर्देशन में काम करने जा रहे थे। जाहिर है दोनों की फिल्मों को पसंद करने वाले दर्शक भी खुश थे, लेकिन अब इसकी संभावना क्षीण हो गई है। यह एक रोमकॉम फिल्म थी, जिसका निर्माण सलमान के जीजा अतुल अग्निहोत्री करने वाले थे।

कुछ दिनों पहले खबर आई थी कि सलमान खान संतोषी की कहानी और स्क्रिप्ट में कई बदलाव चाहते हैं, इसलिए फिल्म आगे बढ़ाई जा रही है। लेकिन अब यह फिल्म शुरू होगी भी या नहीं, कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। अनुमान यह लगाया जा रहा है कि सल्लू को संतोषी की स्क्रिप्ट अब भी पसंद नहीं आई है, इसलिए इस फिल्म को फिलहाल रोक दिया गया है।

इधर राजकुमार संतोषी पर भी इसका कुछ खास असर नहीं दिख रहा है और वह सलमान की फिल्म को छोड़कर आगे बढ़ गए हैं। उनकी नई फिल्म 'सारागढ़ी की लड़ाई' पर आधारित है। इस फिल्म की शूटिंग 12 सितंबर से शुरू होगी, क्योंकि सारागढ़ी की लड़ाई 12 सितंबर 1897 को हुई थी। नॉर्थ वेस्ट इंडिया में लड़ी गई यह जंग ब्रिटिश इंडियन आर्मी और अफ़रीदी व औरकज़ई कबायलियों के बीच हुई थी। अब यह इलाका पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के नाम से जाना जाता है।

इस खबर की पुष्टि करते हुवे वेव सिनेमा के सीईओ राहुल मित्रा ने मीडिया में बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि जैसे ही हमें पता चला कि संतोषी अभी सलमान की फिल्म नहीं कर रहे हैं, हमने इस फिल्म पर काम करना शुरू कर दिया और फिल्म की शूटिंग 12 सितंबर से शुरू हो जाएगी।

इस फिल्म में 11 मुख्य कलाकार होंगे, जिनकी कास्टिंग चल रही है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com