'राम लखन' की रीमेक : शाहिद कपूर और रणवीर सिंह बनेंगे रोहित शेट्टी के दो अनमोल रतन

'राम लखन' की रीमेक : शाहिद कपूर और रणवीर सिंह बनेंगे रोहित शेट्टी के दो अनमोल रतन

रणवीर सिंह (फाइल फोटो)

मुंबई:

अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ़ की 1989 की सुपरहिट फ़िल्म 'राम लखन' कई लोगों की पसंदीदा फिल्मों में से एक है। अब निर्माता रोहित शेट्टी इस फिल्म का रीमेक बनाने जा रहे हैं। जब से इस फ़िल्म की घोषणा हुई है, तभी से इसकी कास्टिंग को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। अब ख़बर आ रही है कि फ़िल्म की कास्टिंग पूरी हो चुकी है और राम-लखन की भूमिका में शाहिद कपूर व रणवीर सिंह नज़र आ सकते हैं।

'राम-लखन' के रीमेक के लिए रणवीर सिंह का नाम कई महीनों से मीडिया में आ रहा था, मगर उनके भाई की भूमिका के लिए रोहित शेट्टी के दिमाग में कई नामों और विचार चल रहे थे। लखन की भूमिका के लिए भी रणवीर सिंह के साथ वरुण धवन और अर्जुन कपूर दौड़ में थे। राम के रोल के लिए रणबीर कपूर, हृतिक रोशन और सिद्धार्थ मल्होत्रा का नाम सामने आ रहा था। रोहित शेट्टी की खोज अब पूरी हो गई है और रणवीर सिंह व शाहिद कपूर का नाम तय माना जा रहा है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सूत्रों के मुताबिक शाहिद इस रीमेक में राम की भूमिका निभाएंगे, जो जैकी श्रॉफ़ ने निभाई थी। अनिल कपूर द्वारा निभाई गई लखन की भूमिका की जिम्मेदारी रणवीर सिंह को दी गई है। सूत्र बताते हैं कि इस साल के अंत में फ़िल्म की शूटिंग शुरू हो जाएगी। माधुरी दीक्षित और डिम्पल कपाड़िया द्वारा निभाई गई भूमिकाओं के लिए रोहित शेट्टी 2 नई लड़कियों को कास्ट करेंगे।