अगर आप ऑस्कर्स नहीं देखते तो यह ख़बर पढ़िए क्योंकि इस बार प्रियंका चोपड़ा...

अगर आप ऑस्कर्स नहीं देखते तो यह ख़बर पढ़िए क्योंकि इस बार प्रियंका चोपड़ा...

प्रियंका चोपड़ा

मुंबई:

अगर आप ऑस्कर नहीं देखते तो एक वजह है जिसे सुनकर आप इस बार 29 फरवरी को सुबह सुबह उठकर टीवी से चिपक जाएं। दुनिया भर में लोकप्रिय ऑस्कर्स अवॉर्ड में इस बार भारत की देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा भी नज़र आएंगी। ऑस्कर का आयोजन करने वाली अकादमी ने ट्विटर पर विजेताओं को अवार्ड देने वाली हस्तियों की लिस्ट जारी की है जिसमें प्रियंका चोपड़ा का नाम भी शामिल है।
 


अकादमी के डेविड हिल और रेगीनाल्ड हुडलिन ने 88वीं ऑस्कर्स में शामिल होने वाले प्रेज़ेंटर्स की लिस्ट जारी की है जिसमें जुलियान मूर और रीज़ विथरस्पून जैसे हस्तियों के साथ प्रियंका चोपड़ा का नाम भी है। इस ख़बर को प्रियंका ने भी ट्विटर पर शेयर किया है और वह बेहद खुश हैं।
 
बता दें कि पिछले कुछ समय से प्रियंका चोपड़ा अंतरराष्ट्रीय मनोरंजन जगत में अपने अमेरिकी टीवी शो 'क्वॉन्टिको' से छाई हुई हैं। इस शो के लिए उन्हें अमेरिका का 'पीपल्स चॉइस अवार्ड' भी दिया गया है जिसमें उन्होंने एफबीआई ट्रेनी एलेक्स पारिश का रोल निभाया है। फिलहाल प्रियंका इस शो के दूसरे सीज़न की शूटिंग में व्यस्त हैं और हाल ही में वह एक और अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड एसएजी में भी नज़र आईं थीं।
 

वहीं भारत में उनकी फिल्म बाजीराव मस्तानी को काफी पसंद किया गया है जिसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का  फिल्मफेयर पुरस्कार दिया गया। उनकी अगली फिल्म 'जय गंगाजल' है जिसमें वह पुलिस इंस्पेक्टर का रोल निभा रही है। 28 फरवरी की शाम को ऑस्कर्स अवार्ड दिए जाएंगे और इस समारोह के होस्ट कॉमेडियन क्रिस रॉक होंगे। भारत में इसका प्रसारण 29 फरवरी की सुबह होगा।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com