यह ख़बर 06 अप्रैल, 2013 को प्रकाशित हुई थी

टीओआईएफए के तकनीकी खंड में छाई 'कहानी' और 'बर्फी'

खास बातें

  • टाइम्स ऑफ इंडिया फिल्म अवार्ड्स (टीओआईएफए) के पहले संस्करण के तकनीकी खंड में ज्यादातर पुरस्कारों पर विद्या बालन अभिनीत 'कहानी' और रणबीर कपूर व प्रियंका चोपड़ा अभिनीत 'बर्फी' ने कब्जा जमाया।
वैंकूवर:

टाइम्स ऑफ इंडिया फिल्म अवार्ड्स (टीओआईएफए) के पहले संस्करण के तकनीकी खंड में ज्यादातर पुरस्कारों पर विद्या बालन अभिनीत 'कहानी' और रणबीर कपूर व प्रियंका चोपड़ा अभिनीत 'बर्फी' ने कब्जा जमाया।

तकनीकी खंड के पुरस्कारों की घोषणा शुक्रवार की रात एक भव्य कार्यक्रम में की गई।

सुजय घोष निर्देशित 'कहानी' को सर्वश्रेष्ठ संपादन (नम्रता राव), सर्वश्रेष्ठ कहानी (अद्वैत कला और सुजय घोष) और सर्वश्रेष्ठ पटकथा (सुजय घोष) का पुरस्कार मिला।

अनुराग बसु निर्देशित 'बर्फी' को चलचित्रकला (एस. रवि वर्मन), कास्टयूम डिजाइन (अकी नरूला और शफलीना), कला निर्देशन (रजत पोद्दार) और पृष्ठभूमि संगीत (प्रीतम) के लिए सम्मानित किया गया।

इन दो फिल्मों के अलावा गणेश अचार्य को फिल्म 'अग्निपथ' के 'चिकनी चमेली' गाने पर नृत्य-निर्देशन के लिए सर्वश्रेष्ठ नृत्यकला पुरस्कार से नवाजा गया। 'गैंग्स ऑफ वासेपुर 1' को सर्वश्रेष्ठ संवाद के लिए पुरस्कार मिला, जिसे अनुराग कश्यप, अखिलेश जायसवाल, जीशान कादरी और सचिन लाडिया ने प्राप्त किया।

'एक था टाइगर' को सर्वश्रेष्ठ एक्शन फिल्म के लिए सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार कोनराड पालमिसानो और मार्कोस ने प्राप्त किया। अनिता कुशवाहा को 'तलाश' के लिए सर्वश्रेष्ठ ध्वनि अभिलेखन के लिए पुरस्कार मिला।

कार्यक्रम में बॉलीवुड की नामचीन हस्तियां मौजूद थी। टीओआईएफए का मुख्य पुरस्कार समारोह शनिवार की रात होना है। फिल्म निर्माता करण जौहर और अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह ने संयुक्त रूप से तकनीकी खंड समारोह की मेजबानी की।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

'डांस इंडिया डांस' से शोहरत बटोरने वाले सलमान यूसुफ खान ने अपने दमदार नृत्य से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिया। फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने अपनी एक विशेष प्रदर्शनी से भारतीय सिनेमा के 100 वर्ष पूरा होने का समारोह मनाया।