पूरी होगी विद्या बालन की इच्छा, बनेंगी चार्ली चैपलिन

पूरी होगी विद्या बालन की इच्छा, बनेंगी चार्ली चैपलिन

अभिनेत्री विद्या बालन की फाइल फोटो

मुंबई:

अभिनेत्री विद्या बालन की ख़्वाहिश पूरी होने वाली है जब वो आने वाली फ़िल्म में दुनिया के मशहूर कलाकार चार्ली चैपलिन की भूमिका निभाएंगी। विद्या चैपलिन की बहुत बड़ी फ़ैन हैं और उनकी ख्वाहिश थी कि वो चैपलिन की भूमिका निभाएं और उन्हें ये मौक़ा मिलने जा रहा है।

मलयालम फिल्मों के निर्देशक आर सरथ एक हिंदी फ़िल्म बनाने जा रहे हैं और इसमें चैपलिन की भूमिका के लिए उन्होंने विद्या से संपर्क किया है। विद्या ने भी हामी भर दी है। अगले हफ़्ते सरथ मुम्बई आएंगे और आगे की बातें होंगी। हां, सरथ ने ये साफ़ कर दिया है कि ये फ़िल्म चैपलिन की बायोपिक नहीं होगी, इसमें चैपलिन के अंदाज़ होंगे।

दरअसल चैपलिन को परदे पर आने के 100 साल के उपलक्ष्‍य में पिछले महीने मुम्बई में सरथ ने एक पेंटिंग प्रदर्शनी का आयोजन किया था जिसमें दुनिया भर के 200 कलाकारों ने चार्ली की पेंटिंग और कार्टून्स बनाये थे। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन करने विद्या पहुंची थीं। वहीं विद्या ने कहा था कि चार्ली की वो बड़ी फ़ैन हैं। मिस्टर इंडिया में श्रीदेवी द्वारा किया गया चैपलिन का थोड़ा सा रोल उन्हें बेहद पसंद आया था और अगर मौक़ा मिला तो वो चैपलिन की भूमिका करना चाहेंगी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

लगता है कि शायद सरथ ने विद्या की ख़्वाहिश वहीं सुन ली थी क्योंकि उसी दौरान सरथ को भी ये फ़िल्म बनाने का ख़याल आया और बाद में सरथ ने न सिर्फ़ चैपलिन पर फ़िल्म बनाने का फ़ैसला किया बल्कि विद्या को चैपलिन की भूमिका का ऑफर भी दे दिया।