यह ख़बर 10 दिसंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

'2014 की कमान संभालेंगे राहुल गांधी'

खास बातें

  • सोनिया गांधी के सबसे भरोसेमंद सिपाही और राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल का कहना है कि वर्ष 2014 की कमान राहुल गांधी को सौंपी जाएगी।
अहमदाबाद:

सोनिया गांधी के सबसे भरोसेमंद सिपाही और उनके राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल का कहना है कि 2014  चुनाव की कमान राहुल गांधी को सौंपी जाएगी। जहां तक पार्टी में राहुल गांधी के कद का सवाल है, इस पर पटेल ने कहा कि वह नंबर दो पर हैं। एनडीटीवी के पोलिटिकल एडिटर मनोरंजन भारती से बात करते हुए पटेल ने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी दोनों में कोई फर्क नहीं है। वहीं पटेल ने यह भी साफ किया कि प्रधानमंत्री का नाम चुनाव के बाद तय होगा।

पटेल ने कहा कि मोदी का विकास बस प्रचार का खेल है। गुजरात के विकास के दावे खोखले हैं। हकीकत तो यह है कि गुजरात में प्रति व्यक्ति कर्ज बढ़ा है। मोदी का प्रचार चुनावी नौटंकी भर है। इसी के चलते गुजरात में लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ किया जा रहा है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

साथ ही उन्होंने माना कि गुजरात बीजेपी के प्रचार का जवाब न दे पाना हमारी नाकामी है। हम लोगों में भरोसा जगाने में नाकाम रहे। यही नहीं उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग गांधी परिवार की छवि खराब करना चाहते हैं। सोनिया के भरोसेमंद सिपाही होने पर उन्होंने कहा कि उन पर सोनिया का भरोसा बड़प्पन है।