यह ख़बर 03 अक्टूबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

पाकिस्तान ने पुंछ के गांवों में की गोलाबारी, लड़की की मौत, चार जख्मी

जम्मू:

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तानी सैनिकों ने गांवों और अग्रिम चौकियों को निशाना बनाया, जिसमें एक किशोरी की मौत हो गई और चार लोग जख्मी हो गए। पाकिस्तान ने आज लगातार तीसरे दिन संघर्षविराम का उल्लंघन किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने मोर्टार और छोटे हथियारों से कई सीमावर्ती इलाकों एवं सब्जियां इलाके में आज शाम गोलाबारी की। उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों ने इसका करारा जवाब दिया जिससे दोनों तरफ से गोलाबारी शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि गोलीबारी में गिगरियाल सीमावर्ती इलाके में 17 वर्षीय जहीरा अख्तर की मौत हो गई और चार व्यक्ति घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रक्षा विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि इससे पहले आज दिन में पाकिस्तानी सैनिकों ने दोपहर दो बजे के करीब नियंत्रण रेखा के पास सब्जियां में मोर्टार एवं स्वचालित हथियारों से भारतीय चौकियों पर गोलाबारी की।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पिछले तीन दिनों में यह लगातार चौथा संघर्षविराम उल्लंघन है। इससे पहले एक अक्टूबर को पुंछ के सब्जियां और मंडी इलाके में संघर्षविराम उल्लंघन की तीन घटनाएं हुईं और कश्मीर घाटी के अग्रिम इलाके में संघर्षविराम उल्लंघन की एक घटना हुई।