यह ख़बर 02 अगस्त, 2013 को प्रकाशित हुई थी

'आप' ने निलंबित आईएएस को पार्टी में आने का न्योता दिया

खास बातें

  • आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की निलंबित अधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल को पार्टी में शामिल होने और उत्तर प्रदेश के मैनपुरी संसदीय क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव के खिलाफ चुनाव लड़ने का न्योता दिया।
नई दिल्ली:

आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की निलंबित अधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल को पार्टी में शामिल होने और उत्तर प्रदेश के मैनपुरी संसदीय क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव के खिलाफ चुनाव लड़ने का न्योता दिया।

आप के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल ने कहा, "यह हास्यास्पद है कि दुर्गा शक्ति नागपाल उसी तंत्र से न्याय मांग रही हैं जो उनके खिलाफ है। हम उनसे मुलायम सिंह यादव के खिलाफ मैनपुरी क्षेत्र से चुनाव लड़ने की अपील करते हैं।" उन्होंने कहा कि यदि नागपाल को आप में शामिल होने में हिचकिचाहट हो रही हो तो वे तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे यादव के खिलाफ स्वतंत्र प्रत्याशी के रूप में लड़ सकती हैं।

केजरीवाल ने कहा कि नागपाल को प्रत्याशी बनाए जाने के बारे में मैनपुरी में आप के कार्यकर्ताओं की रायशुमारी की जाएगी। आप ने थोथी बयानबाजी के लिए कांग्रेस पर भी निशाना साधा।

आप के नेता कुमार विश्वास ने कहा, "कांग्रेस इस मामले में हस्तक्षेप नहीं कर रही है, क्योंकि वह देख रही है कि आगामी आम चुनाव में समाजवादी पार्टी 10 से 15 सीट लाने जा रही है।"

ग्रेडर नोएडा (गौतमबुद्ध नगर) में बालू माफिया पर शिकंजा कसने वाली नागपाल को उत्तर प्रदेश सरकार ने 28 जुलाई को निलंबित कर दिया। राज्य सरकार ने हालांकि निलंबन का कारण नागपाल द्वारा एक धार्मिक स्थल की दीवार ढहाने का आदेश दिया जाना बताया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

नोएडा के जिलाधिकारी ने एक रिपोर्ट में कहा है कि नागपाल ने दीवार गिराने का आदेश नहीं दिया था।