यह ख़बर 02 जनवरी, 2014 को प्रकाशित हुई थी

आप ने देशभर में खोले 300 कार्यालय

नई दिल्ली/गाजियाबाद:

दिल्ली विधानसभा में अप्रत्याशित जीत दर्ज करने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) की निगाहें अब आम चुनाव पर है। पार्टी ने तीन सप्ताह में ही देशभर में पांच लाख नए सदस्य बनाए हैं और करीब 300 कार्यालय खोले हैं।

पार्टी के राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य संजय सिंह ने कहा कि पार्टी ने देशभर में 322 कार्यालय खोले हैं। यहां तक कि असम, गोवा, दमन एवं दीव और दादरा एवं नागर हवेली में कार्यालय खोले गए हैं।

सिंह ने कहा, "दिल्ली चुनाव में 8 दिसंबर को मिली जीत के बाद पार्टी को व्यापक समर्थन मिला है। चुनाव परिणाम आने से पहले पार्टी के पांच लाख सदस्य थे जबकि अब यह संख्या 10 लाख को पार कर गई है। इसमें दो लाख लोगों ने ऑनलाइन सदस्यता ग्रहण की है।"

आप ने दिल्ली के 70 सदस्यीय विधानसभा में 28 सीटें जीतकर कांग्रेस के बाहर से दिए गए समर्थन से सरकार बनाई है। कांग्रेस के आठ विधायक हैं।

पार्टी की संसदीय मामलों की उप समिति के सदस्य सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी के सबसे ज्यादा 60 कार्यालय खोले गए हैं। इसी तरह मध्य प्रदेश में 35, राजस्थान में 27, तमिलनाडु में 25, केरल में 14, गुजरात में 10 कार्यालय खोले गए हैं।

सिंह पार्टी के सदस्य पंकज गुप्ता के साथ आप की लोकसभा चुनाव की तैयारियों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। दोनों में देशभर में कार्यकर्ताओं को चुनाव तैयारियों के संबंध में मदद भी कर रहे हैं।

केजरीवाल के कौशांबी स्थित आवास के नजदीक बनाए गए सहायता केंद्र पर तैनात पार्टी कार्यकर्ता 37 वर्षीय पूनम प्रवीण ने आईएएनएस से कहा कि प्रतिदिन हमें सौ ज्यादा फोन कॉल और ईमेल संदेश प्राप्त हो रहे हैं। पार्टी से जुड़ने के प्रति लोगों में गजब का उत्साह है।  

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पूनम ने कहा कि पार्टी का सदस्य बनने के लिए 10 रुपये का फार्म भरकर जमा करना होता है। उन्होंने कहा कि वह प्रतिदिन 150 फोन कॉल का जवाब देती हैं। फोन कॉल ज्यादातर छात्र और सामाजिक कार्यकर्ताओं की होती है।