यह ख़बर 11 दिसंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

आम आदमी पार्टी लोकसभा चुनाव लड़ेगी, दिल खोलकर चंदा दीजिए : अरविंद केजरीवाल

नई दिल्ली:

दिल्ली विधानसभा चुनाव में मिली शानदार सफलता के बाद आम आदमी पार्टी ने जंतर-मंतर पर धन्यवाद रैली का आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता पहुंचे। इस मौके पर आम आदमी पार्टी ने कहा कि यह दिल्ली में जीत का जश्न नहीं है, असली जश्न तब मनेगा जब जनलोकपाल बिल पास होगा।

इस रैली में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जब तक भुखमरी रहेगी, जश्न नहीं मनाएंगे। उन्होंने देश को एक बार फिर भ्रष्टाचार मुक्त बनाने की बात कही। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इन चुनावों में जीत जनता की जीत है, क्योंकि यह उनका चुनाव था, आम आदमी पार्टी के नेताओं का नहीं।

केजरीवाल ने कहा कि मौजूदा हालात में दिल्ली में उनकी पार्टी दोबारा चुनाव के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि दिल्ली ने देश को नई दिशा दी है और अब इस लौ को देश के कोने-कोने तक ले जाना है, लेकिन यह चंद लोग नहीं कर सकते, क्योंकि यह अकेले आम आदमी पार्टी की लड़ाई नहीं है, बल्कि पूरे देश की जनता का है। देश के अंदर जितने अच्छे लोग हैं, जितने अच्छी राजनीतिक ताकतें हैं, जितने अच्छे आंदोलन चल रहे हैं, सारे एकजुट हो जाएं।

केजरीवाल ने कहा कि अब आम आदमी पार्टी लोकसभा चुनाव लड़ेगी और इसके लिए उन्हें चंदा चाहिए, इसलिए लोग दिल खुलकर चंदा दें। उन्होंने कहा कि जनलोकपाल बिल के लिए अनशन पर बैठे अन्ना हजारे से मिलने वह गुरुवार को कुमार विश्वास के साथ रालेगण सिद्धी जाएंगे।

दिल्ली विधानसभा चुनावों में 28 सीटें जीतकर दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया कि उनकी पार्टी कितने राज्यों में और कितनी सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी। केजरीवाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए उन्हें और ज्यादा फंड की जरूरत होगी। इसके लिए उन्होंने लोगों से उदारता से चंदा देने की अपील की।

केजरीवाल ने कहा, यह लड़ाई (विधानसभा चुनाव) आपके चंदे के बिना नहीं लड़ा जा सकता था। अब हम लोकसभा चुनाव लड़ेंगे और आपसे अनुरोध है कि आप उदारतापूर्वक चंदा दें।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com