अरुण जेटली के लिए नई मुसीबत, केपीएस गिल ने हॉकी इंडिया विवाद में नाम लिया

अरुण जेटली के लिए नई मुसीबत, केपीएस गिल ने हॉकी इंडिया विवाद में नाम लिया

नई दिल्ली:

केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली पर और दबाव बनाने की कवायद में प्रतिबंधित भारतीय हॉकी महासंघ के अध्यक्ष केपीएस गिल ने बुधवार को वित्तमंत्री को हॉकी इंडिया के मामले में घसीटते हुए दिल्ली सरकार से अनुरोध किया कि वह भाजपा के इस दिग्गज नेता के हॉकी इंडिया में हितों के टकराव की जांच करे।

पूर्व पुलिस अधिकारी गिल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि जेटली ने अपनी बेटी सोनाली को हॉकी इंडिया का वकील नियुक्त किया जब वह हॉकी इंडिया लीग के सलाहकार बोर्ड में थे।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए बेबुनियाद बताया। दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ का अध्यक्ष रहते भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने के आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और भाजपा सांसद कीर्ति आजाद द्वारा लगाए गए आरोपों का सामना कर रहे जेटली पर यह ताजा हमला है।

गिल ने ये आरोप डीडीसीए में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए एक आयोग के गठन का प्रस्ताव दिल्ली विधानसभा द्वारा कल पारित किए जाने के बाद लगाए हैं।

आईएचएफ सचिव अशोक माथुर ने कहा, ‘‘गिल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर हॉकी इंडिया में जेटली के हितों के टकराव की जांच करने को कहा है। हॉकी इंडिया दिल्ली रजिस्ट्रार ऑफ सोसायटीज के तहत रजिस्टर्ड है लिहाजा दिल्ली सरकार को मामले की जांच का अधिकार है।’’

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

इससे पहले जेटली ने डीडीसीए मामले में उनके खिलाफ बयानबाजी करने वाले केजरीवाल समेत छह व्यक्तियों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था। उसमें हालांकि भाजपा सांसद कीर्ति आजाद का नाम नहीं था।