यह ख़बर 07 फ़रवरी, 2013 को प्रकाशित हुई थी

लोकसभा चुनाव के बाद कोई तीसरी ताकत बनाएगी सरकार : रामगोपाल

खास बातें

  • सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने गुरुवार को कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में किसी तीसरी ताकत के सत्तासीन होने के समीकरण बनेंगे और भाजपा तथा कांग्रेस के सत्ता से बाहर होने से देश के हालात पर काफी फर्क पड़ेगा।
लखनऊ:

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने गुरुवार को कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में किसी तीसरी ताकत के सत्तासीन होने के समीकरण बनेंगे और भाजपा तथा कांग्रेस के सत्ता से बाहर होने से देश के हालात पर काफी फर्क पड़ेगा।

यादव ने लखनऊ में सपा राज्य मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा और कांग्रेस के अब केन्द्र की सत्ता में आने की सम्भावना नहीं है। आगामी लोकसभा चुनाव में ऐसे समीकरण बनेंगे कि किसी नयी ताकत को सत्ता हासिल हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के सत्ता से बाहर होने पर काफी फर्क पड़ेगा। दिल्ली में सपा की बड़ी ताकत होगी तो उत्तर प्रदेश के विकास की गति तेज होगी और सभी समस्याएं हल हो जाएंगी।

यादव ने कहा कि सपा ने लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश की 80 में से 63 सीटों के प्रत्याशी घोषित कर दिये हैं। बाकी सीटों के उम्मीदवारों के नामों का एलान भी जल्द कर दिया जाएगा।

उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव की तैयारी करने का निर्देश देते हुए ताकीद की कि वे अधिकारियों एवं कर्मचारियों का तबादला-तैनाती कराने के फेर में ना पड़ें।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में जल्द ही बड़े पैमाने पर बदलाव के स्पष्ट संकेत देते हुए सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश की अखिलेश यादव सरकार को समस्याएं पूर्ववर्ती मायावती सरकार से विरासत में मिली हैं, लेकिन जल्द ही प्रशासन तंत्र में व्यापक फेरबदल होने से बहुत से मसले हल हो जाएंगे।