यह ख़बर 20 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

मुंबई : अन्ना के कारण एंटनी का कार्यक्रम स्थगित

खास बातें

  • अन्ना हजारे के अनशन के कारण सरकार के समक्ष खड़ी हुई नई चुनौती के चलते रक्षा मंत्री एके एंटनी को अपना कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा है।
Mumbai:

सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के अनशन के कारण सरकार के समक्ष खड़ी हुई नई चुनौती के चलते रक्षा मंत्री एके एंटनी को अपना कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा है। एंटनी शनिवार को मुंबई में घरेलू स्तर पर निर्मित हुए नए युद्धपोत को नौसेना में शामिल करने वाले थे। कार्यक्रम की शुरुआत से ठीक पहले नौ सेना के अधिकारियों ने घोषणा की कि एंटनी कार्यक्रम में शिरकत नहीं कर रहे हैं और युद्धपोत का जलावतरण नौ सेना प्रमुख एडमिरल निर्मल वर्मा के हाथों होगा। लेकिन अधिकारी रक्षामंत्री का कार्यक्रम रद्द होने के पीछे का कारण नहीं बता पाए। यह पहला मौका है, जब एंटनी ने किसी रक्षा कार्यक्रम में अपनी भागीदारी रद्द की है। सूत्रों ने कहा कि चूंकि एंटनी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अनुपस्थिति में पार्टी मामलों की देखरेख करने वाली चार सदस्यीय समिति के सदस्य हैं, लिहाजा वे इस समय अन्ना हजारे संकट के समाधान में व्यस्त हो हैं। अन्ना हजारे ने संकल्प लिया है कि जब तक भ्रष्टाचार विरोधी प्रभावी कानून नहीं पारित हो जाता, तबतक वह अनशन जारी रखेंगे। अन्ना हजारे ने इसके लिए सरकार को 30 अगस्त तक का समय दिया है। अन्ना हजारे ने यह भी घोषणा की है कि यदि 30 अगस्त तक प्रधानमंत्री और न्यायपालिका को अपने दायरे में लेने वाला भ्रष्टाचार विरोधी प्रभावी लोकपाल विधेयक पारित नहीं हो जाता, तो देशभर में जेल भरो आंदोलन शुरू किया जाएगा। अन्ना हजारे की इस नई चुनौती के बाद शुक्रवार रात कांग्रेस ने पार्टी कोर ग्रुप की बैठक बुलाई। बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने की। बैठक में राजनीतिक हालात का जायजा लिया गया। सूत्रों ने कहा है कि एंटनी से कहा गया कि वह दिल्ली में ही बने रहें और इसीलिए उन्होंने मुंबई यात्रा रद्द कर दी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com